Up kiran,Digital Desk : राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े 'AI इम्पैक्ट समिट' (India AI Impact Summit 2026) में माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स की मौजूदगी को लेकर भारी असमंजस बना हुआ है। एक तरफ जहां समिट की आधिकारिक वेबसाइट से अचानक उनका नाम हटा दिया गया है, वहीं दूसरी तरफ गेट्स फाउंडेशन ने दावा किया है कि वे अपने तय समय पर भाषण देंगे। इस पूरे कन्फ्यूजन के पीछे अमेरिका में उजागर हुई 'जेफ्री एपस्टीन फाइल्स' (Jeffrey Epstein Files) का विवाद माना जा रहा है।
गेट्स फाउंडेशन का दावा: 'अफवाहों पर ध्यान न दें'
सरकारी सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स में चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। फाउंडेशन के प्रवक्ता ने पीटीआई को दिए बयान में कहा, "बिल गेट्स एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल हो रहे हैं। वे अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 फरवरी को सुबह 11:50 बजे अपना मुख्य भाषण (Keynote Address) देंगे।" फाउंडेशन ने उन खबरों को खारिज किया है जिनमें कहा जा रहा था कि गेट्स का निमंत्रण रद्द कर दिया गया है।
क्यों हटा नाम और क्या है 'एपस्टीन' विवाद?
दरअसल, मंगलवार सुबह समिट की वेबसाइट से वक्ताओं की सूची से बिल गेट्स का नाम गायब होने के बाद अफवाहों का बाजार गर्म हो गया था। सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में अमेरिकी कोर्ट द्वारा सार्वजनिक की गई जेफ्री एपस्टीन (कुख्यात यौन अपराधी) से जुड़ी फाइलों में बिल गेट्स का नाम आने के कारण कुछ असहजता की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, गेट्स पर कोई कानूनी आरोप नहीं है और उनके प्रवक्ता इन पुराने दावों को पहले ही बेतुका बता चुके हैं, लेकिन सरकारी हलकों में इसे लेकर थोड़ी हिचकिचाहट देखी जा रही थी।
अश्विनी वैष्णव ने साधी चुप्पी, कहा- 'निजी पसंद'
इस पूरे मामले पर जब केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही नपा-तुला जवाब दिया। उन्होंने बिल गेट्स के आने या न आने की पुष्टि करने के बजाय इसे 'व्यक्तिगत पसंद' (Personal Choice) करार दिया। वैष्णव ने कहा, "मैं भूल गया हूं कि कौन आ रहा है और कौन नहीं। मुझे इस पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है।" वहीं, उन्होंने बताया कि एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ जेन्सेन हुआंग 'अनिवार्य कारणों' से नहीं आ सके हैं, लेकिन उनकी जगह कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए हैं।
आंध्र प्रदेश में मौजूद हैं बिल गेट्स
इस सस्पेंस के बीच हकीकत यह है कि बिल गेट्स पहले ही भारत पहुंच चुके हैं। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत आंध्र प्रदेश से की है। विजयवाड़ा में उन्होंने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य के हेल्थ और टेक इनिशिएटिव्स की तारीफ की। उनकी भारत में मौजूदगी इस बात का संकेत है कि वे 19 फरवरी को दिल्ली के मंच पर नजर आ सकते हैं।
100 देशों का महाकुंभ
बता दें कि 16 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस एआई समिट में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा समेत कई वैश्विक नेता इसमें शामिल हैं।




