होली के उमंग पर कोरोना का ग्रहण, हुल्लड़ की जगह अजीब सा सन्नाटा

img

लखनऊ। देश में कोरोना की दूसरी लहर से हड़कंप मचा है। कई राज्यों में सख्त प्रतिबंध लगाये गए हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों से लोग स्वयं भी भयभीत हैं। इन सबके चलते होली का रंग फीका पड़ चुका है। लखनऊ, नई दिल्ली और मुंबई आदि महानगरों समेत पुरे देश होली की हुल्लड़ की जगह अजीब सा सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग सहमे-सहमे नजर आ रहे हैं। इन हालातों में ज्यादातर लोग सोशल मीडिया पर ही होली मना रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते होली का रंग और उल्लास गायब है। प्रदेश में सार्वजनिक कार्यक्रमों और जुलूस आदि के आयोजन पर रोक लगा दी है। इसके लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। जारी गाइडलाइंस के मुताबिक किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में 60 साल से अधिक उम्र वाले व्यक्तियों और 10 साल से कम उम्र वाले बच्चों को शामिल नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च स्तरीय बैठक कर ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर तथा शहरों में वॉर्ड स्तर पर नोडल अधिकारी की तैनाती के निर्देश दिए हैं।

कोरोना संक्रमण को लेकर उत्तराखंड सरकार भी सतर्क है। सरकार की नई गाइडलाइन के अनुसार होलिका दहन में केवल 50 फीसदी लोगों को मौजूद रहने की इजाजत होगी। बच्चे और 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को इसमें शामिल होने पर रोक लगी है। कंटेनमेंट जोन्स में होली सेलिब्रेशन पर पूरी तरह से बैन रहेगा। इसके अलावा होली पर खाने-पीने की चीजों के बाटने पर भी पाबन्दी है।

इसी तरह दिल्ली में भी होली पर्व के पहले ही सरकार द्वारा नई गाइडलाइन जारी की गई है। लोगों को घरों में ही होली खेलने की अपील की गई है। गाइडलाइन के अनुसार भीड़ इकट्ठा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। दिल्ली में किसी भी सार्वजनिक जगहों पर होली मनाने की मनाही है।

महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप सबसे ज्यादा है। राज्य के कई जिलों में लॉकडाउन किया गया है। प्रदेश सरकार ने राज्य में नाइट कर्फ्यू की घोषणा की है। इसके साथ ही बीएमसी ने 28 और 29 को सार्वजनिक स्थानों पर होली मनाने पर रोक लगा दी है। इसके अलावा अन्य तमाम गतिविधियों पर भी सख्त पाबंदी लगा दी गई है।

मध्यप्रदेश में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। भोपाल और इंदौर में नाइट कर्फ्यू लगा है। दोनों शहरों में होलिका दहन और होली खेलने पर रोक लगी है। सरकार के दिशा निर्देशों के मुताबिक़ प्रदेश में होली खेलने के लिए 20 से ज्यादा लोग एकजुट नहीं हो सकेंगे। इसी तरह कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ की सरकार अलर्ट है। राजधानी रायपुर में धारा 144 लागू कर दी गई है। दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों के लिए एक सप्ताह का होम क्वॉरंटाइन अनिवार्य किया गया है।

बिहार में भी होली के सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई है। सीएम नीतीश कुमार ने लोगों से कोविड के बढ़ते मामलों के कारण होली के सार्वजनिक आयोजन न करने की अपील की है। इसी तरह झारखंड सरकार ने भी होली के मौके पर लोगों को एहतियात बरतने की अपील की है। सरकार की ओर से सार्वजनिक रूप से होली, सरहुल, शब-ए-बारात, नवरात्रि, रामनवमी, ईस्टर आदि त्योहार मनाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

पंजाब में होली से पहले ही कई तरह की पाबंदियां लगी हैं। अमृतसर, कपूरथला, लुधियाना समेत सूबे के 12 जिलों में पहले से ही नाइट कर्फ्यू है। इसी तरह हिमाचल प्रदेश में भी इस बार होली का कोई सार्वजनिक उत्सव आयोजित करने की इजाजत नहीं है। सरकार की ओर से लोगों से अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर पर ही होली मनाने का आग्रह किया गया है। इसी तरह गोवा में भी होली से पहले ही धारा 144 लगा दी गई है। सामूहिक तौर पर होली मिलान या अन्य आयोजनों पर पाबंदी लगा दी गई है।

इन हालातों में सोशल मीडिया लोगों का सहारा बना है। ज्यादातर लोग सोशल मीडिया पर ही होली मना रहे हैं। एक-दूसरे को शुभकामनायें देने के अलावा हुड़दंग भी हो रही है। सोशल मीडिया पर रंग, गुलाल और अंबीर के साथ फाग भी गाये जा रहे हैं। गुझिया कर पापड़ के साथ ठंडाई भी परोसी जा रही है। बोल कबीरा –स — र — र-।

Related News