
नई दिल्ली। विश्व भर के शेयर बाजारों में हो रही गिरावट का असर शीर्ष अरबपतियों की दौलत पर देखें को मिल रहा है। इस गिरावट से अरबपतियों की रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव आ गया है। इस बदलाव का बड़ा फायदा अडानी समूह के गौतम अडानी को मिला है। गौतम अडानी अब मुकेश अंबानी को पछाड़ कर एशिया के सबसे बड़े धनकुबेर बन गए हैं।
हालांकि इससे पहले भी वह मुकेश अंबानी को पछाड़ने के काफी करीब पहुचं चुके थे लेकिन कभी उनसे आगे नहीं निकल पाए लेकिन शेयर बाजार में हुई इस हलचल के बाद अब गौतम अडानी ने दुनिया के 10 सबसे अमीर व्यक्तियों कि लिस्ट में अपनी जगह बना ली है।
Forbes की रियल टाइम सूची पर गौर करें तो गौतम अडानी एंड फैमिली (Gautam Adani & Family) अभी 90 बिलियन डॉलर की दौलत के साथ 10वें पायदान पर है। हालांकि बीते 24 घंटे के दौरान में भले ही उनकी दौलत 672 मिलियन डॉलर कम हुई है, लेकिन टॉप के अन्य अरबपतियों को अधिक नुकसान हुआ है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से भारत और एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति रहे मुकेश अबानी की दौलत में बीते 1 दिन में 2.2 बिलियन डॉलर की कमी आई है। इससे उनकी कुल संपत्ति 89 बिलियन डॉलर पर आ गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी अब ग्लोबली 11वें स्थान पर और भारत व एशिया में दूसरे स्थान पर हैं।
अडानी, अंबानी से पीछे हैं Mark Zuckerberg
वहीं इस गिरावट से फेसबुक के मालिक MarK Zuckerberg को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। बता दें कि कंपनी के शेयरों में गुरुवार को आई 26 प्रतिशत की जबरदस्त गिरावट से Zuckerberg की संपत्ति को 29.7 बिलियन डॉलर का नुकसान पहुंचा है। ऐसे में अब उनकी कुल संपत्ति कम होकर 84.8 बिलियन डॉलर पर आ गई। इस लिस्ट में MarK Zuckerberg 12वें स्थान पर हैं।
पहले पायदान पर मस्क
विश्व के सबसे अमीर व्यक्ति Elon Musk को भी शेयर बाजार की ताजा गिरावट से नुकसान हुआ है।
बीते 1 दिन में एलन मस्क की नेटवर्थ में 3.3 बिलियन डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मस्क अब भी 232.3 बिलियन डॉलर की दौलत के साथ दुनिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन हैं।
--Advertisement--