img

Ukraine drone strike:  रूसी अफसरों के अनुसार यूक्रेन ने मॉस्को और पश्चिमी रूस पर अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक में 140 से ज़्यादा ड्रोन हमले किए, जिसमें कम से कम एक महिला की मौत हो गई, दर्जनों घर तबाह हो गए और राजधानी के प्रमुख हवाई अड्डों को बंद करना पड़ा। ज़्यादातर ड्रोन रूस ने ही मार गिराए - 20 मॉस्को के ऊपर और 124 दूसरे इलाकों में।

रूस के विमानन प्राधिकरण रोसावियात्सिया ने कहा कि हमलों के बाद मॉस्को के चार में से तीन हवाई अड्डों को हवाई यातायात के लिए बंद कर दिया गया, जबकि 48 उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों पर भेजा गया। राजधानी की ओर जाने वाली एक प्रमुख सड़क आंशिक रूप से बंद कर दी गई। मॉस्को के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने कहा कि ड्रोन हमलों ने मॉस्को क्षेत्र के रामेंसकोये जिले में कम से कम दो ऊंची अपार्टमेंट इमारतों को नुकसान पहुंचाया और फ्लैटों में आग लगा दी।

मॉस्को के रामेनस्कोय में हुए हमले में 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। वोरोब्योव ने कहा कि 43 लोगों को अस्थायी आवास केंद्रों में पहुंचाया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की खिड़कियों से आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं, जिसमें कहा गया है कि रामेनस्कोय जिले में दर्जनों फ्लैट क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

--Advertisement--