UP Panchayat Chunav : पहले चरण की वोटिंग से पहले खूनी संघर्ष, पूर्व प्रधान को मारी गोली

img

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव में आज पहले चरण के किये मतदान शुरू हो गया है। मतदान से पहले देर रात्रि में सीएम योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर में खूनी संघर्ष हुआ। जिले के खजनी थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव में पूर्व प्रधान राघवेंद्र नारायण दुबे उर्फ गिलगिल दुबे को गोली मार दी गई। गिलगिल दुबे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में जीवन-मृत्यु से संघर्ष कर हैं।

गिलगिल दुबे के परिजनों ने निवर्तमान प्रधान व प्रधान प्रत्याशी शम्भू यादव पर ह्त्या के इरादे से गोली मारने का आरोप लगाया है। फिलहाल मामले में पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गयी है। उधर शम्भू यादव के लोगों ने आरोप लगाया है कि गिलगिल पक्ष के ही तरफ से गोली चली है। शम्भू यादव को फंसाने के लिए गिलगिल दुबे के परिजन उनपर झूंठा आरोप लगा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक़ महुआडाबर निवासी गिलगिल दुबे पांच साल पहले प्रधान थे, जबकि पिछली बार गांव के ही शम्भू यादव प्रधान निर्वाचित हुए। इस बार गिलगिल दुबे व निवर्तमान प्रधान शम्भू यादव के बीच प्रधान पद के लिए कड़ा मुकबला हो रहा है। दोनों उम्मीदवारों के बीच में तनातनी भी चल रही थी। घटना की सूचना के बाद अफसर मौके पर रवाना हो गए हैं।

गिलगिल के भाई भोलेन्द्र दुबे ने बताया कि गिलगिल दुबे जनलनपरक के बाद देर रात घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शम्भू यादव ने उन्हें गोली मार दी। गोली गिलगिल के पेट में लगी है। आनन-फानन में परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्‍हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गिलगिल दुबे के समर्थकों ने भी भोलेन्द्र के आरोपों की पुष्टि की है।

उल्लेखनीय है कि यूपी पंचायत चुनाव के पहले चरण में आज गोरखपुर समेत 18 जिलों में 51 हजार 176 पोलिंग बूथों पर सुबह 7:00 बजे से मतदान हो रहा है। गोरखपुर में 4647 बूथों पर गुरुवार सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हुआ। पहले चरण के चुनाव में 29,78,569 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Related News