महिलाओं को हर साल 40,000 और 300 यूनिट बिजली मुफ्त, सपा के घोषणापत्र में खुला वादों का महा-पिटारा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सियासी सरगर्मियों के बीच सत्ता में वापसी की राह तलाश रही समाजवादी पार्टी आज संविधान दिवस के अवसर पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है। पार्टी ने इस दस्तावेज को 'जन-मन घोषणापत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प- PDA का प्रणपत्र' नाम दिया है, जिसके जरिए सपा अपने पीडीए समीकरण को और धार देने की रणनीति पर काम कर रही है। इस घोषणापत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने समेत दो दर्जन से अधिक प्रमुख वादे रखे जाने की चर्चा है, जिनकी औपचारिक घोषणा आज दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जाएगी।
घोषणापत्र तैयार करने के लिए समाजवादी पार्टी ने एक विशेष टीम का गठन किया था, जिसमें वरिष्ठ पदों से सेवानिवृत्त नौकरशाहों और विश्वविद्यालयों के पूर्व कुलपतियों को शामिल किया गया। चुनावी प्रबंधन से जुड़ी एक एजेंसी ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई, जबकि सपा के विभिन्न संगठनों को जमीनी राय जुटाने के काम से जोड़ा गया। महिला, किसान और युवाओं से जुड़े विषयों पर अलग-अलग उप-टीमों ने क्षेत्र में जाकर लोगों से संवाद किया, विशेषज्ञों के साथ ऑनलाइन बैठकें कीं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी क्षेत्र के विकास व औद्योगिक संभावनाओं को लेकर सुझाव लिए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस घोषणापत्र में युवा, शिक्षा, सामाजिक न्याय, खेती-किसानी और उद्योग पर विशेष जोर रहेगा तथा प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग घोषणापत्र भी सामने लाए जाएंगे, जिनमें युवाओं और शिक्षा को प्राथमिकता मिलेगी। संभावित वादों में महिलाओं को 40 हजार रुपये वार्षिक पेंशन, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद, सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष करने का प्रस्ताव और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने जैसे मुद्दे शामिल बताए जा रहे हैं।
यह घोषणापत्र तीन स्तरों पर जारी किया जाएगा। पहली श्रेणी राज्य-स्तरीय घोषणापत्र की होगी जिसमें पूरे उत्तर प्रदेश के लिए मुख्य दृष्टिकोण व बड़े वादे रहेंगे, दूसरी श्रेणी जिला-स्तरीय घोषणापत्र की होगी जो सभी 75 जिलों की स्थानीय जरूरतों व विकास पर केंद्रित होगी, जबकि तीसरी श्रेणी राजधानी लखनऊ के लिए विशेष घोषणापत्र के रूप में होगी जिसमें शहर के बुनियादी ढांचे, शहरी विकास और स्थानीय समस्याओं का खाका रखा जाएगा।