75 जिलों के लिए 75 प्लान; 2027 फतह करने के लिए सपा ने बदली घोषणापत्र की रणनीति, जानिए क्या है खास
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी जंग को फतह करने के लिए समाजवादी पार्टी ने अपनी सबसे बड़ी रणनीति पर मुहर लगा दी है। पार्टी गुरुवार 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर राजधानी लखनऊ में अपना बहुप्रतीक्षित चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है। पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किए गए इस घोषणापत्र को 'जन-मन मैनिफेस्टो' और 'सत्ता का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' नाम दिया गया है।
पार्टी ने इस बार पारंपरिक तरीकों से हटकर घोषणापत्र को त्रिस्तरीय प्रारूप में पेश करने का फैसला किया है, जिसमें पूरे राज्य के लिए एक समग्र विजन, राजधानी लखनऊ के लिए खास प्लान और उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग स्थानीय रोडमैप शामिल रहेगा ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं को सीधे चुनावी एजेंडे से जोड़ा जा सके।
मैनिफेस्टो के राज्य स्तरीय प्रारूप में बड़े नीतिगत फैसलों के तहत महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये की सीधी आर्थिक मदद देने का बड़ा चुनावी वादा शामिल है, जिसकी पात्रता और विस्तृत शर्तों का खुलासा पार्टी प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेगी। इसके साथ ही युवाओं के रोजगार और करियर से जुड़े अहम नीतिगत वादों को भी इसमें प्रमुखता से जगह दी जा रही है। वहीं, राजधानी लखनऊ के लिए लाए जा रहे विशेष घोषणापत्र में बढ़ती शहरी आबादी की समस्याओं को प्राथमिकता दी गई है, जिसमें शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नए फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे में सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक आम नागरिकों की सीधी पहुंच जैसे बिंदु शामिल हैं।
घोषणापत्र जारी होने से ठीक पहले समाजवादी पार्टी ने मंगलवार रात 2027 के दंगल के लिए पांच प्रत्याशियों की अपनी पहली आधिकारिक सूची जारी कर चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर दूसरे दौर की बैठक के कुछ ही घंटों बाद जारी इस सूची में सहारनपुर के बेहट से मौजूदा विधायक उमर अली खान और सहारनपुर शहर से आशु मलिक को दोबारा प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा शामली की चर्चित कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा से पूर्व मंत्री महबूब अली और बुंदेलखंड के ललितपुर विधानसभा क्षेत्र से ज्योति लोधी को टिकट देकर पार्टी ने पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड तक अपने सियासी समीकरण स्पष्ट कर दिए हैं।