गोमती उत्सव में डिप्टी सीएम मौर्य ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को किया सम्मानित, दिया शांति और सद्भाव का संदेश
लखनऊ में आज उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गोमती उत्सव में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज के विकास, सेवा और जनकल्याण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित होने वाली सभी प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों का सम्मान करना उनके कार्यों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ दूसरों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देता है।
श्री मौर्य ने कहा कि गोमती उत्सव जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को विस्तार देते हैं। गोमती नदी केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके संरक्षण, स्वच्छता और संवर्धन के प्रति प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने तिरंगे रंग के गुब्बारों को आकाश में छोड़कर शांति, अमन, सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर गोमती उत्सव समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।