रेलवे का बड़ा फैसला, 27 जुलाई से मैलानी, सीतापुर और लखीमपुर रूट की 7 पैसेंजर ट्रेनों का बदला समय
पूर्वोत्तर रेलवे (NER) ने रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। कासगंज से ऐशबाग के बीच 27 जुलाई से रोजाना चलने वाली नई यात्री गाड़ी (ट्रेन संख्या 15312/15311) के संचालन के चलते इस रूट से जुड़ी कई ट्रेनों की समय-सारणी में संशोधन किया गया है। समय में हुए इस बदलाव का असर मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर और पीलीभीत की ओर आवागमन करने वाली 7 पैसेंजर ट्रेनों पर पड़ेगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य परिचालन प्रबंधक कार्यालय से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार ये नया टाइम-टेबल 27 जुलाई से प्रभावी हो जाएगा।
मैलानी और डालीगंज के बीच चलने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव
समय-सारणी में किए गए संशोधन के मुताबिक, मैलानी से डालीगंज जाने वाली गाड़ी संख्या 55087 अब मैलानी से सुबह 5.00 बजे के स्थान पर 15 मिनट पहले यानी सुबह 04.45 बजे रवाना होगी। इसके साथ ही डालीगंज से मैलानी आने वाली गाड़ी संख्या 55084 अपने पुराने समय सुबह 08.45 बजे के बजाए 08.10 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 01.25 बजे के स्थान पर 01.05 बजे मैलानी पहुंचेगी। वहीं मैलानी से सीतापुर जाने वाली गाड़ी संख्या 55081 भी अब दोपहर 02.10 बजे के बजाय दोपहर 02.00 बजे प्रस्थान करेगी। इसके अलावा मैलानी से डालीगंज जाने वाली गाड़ी संख्या 55083 मैलानी से सुबह 11.50 बजे चलेगी।
पीलीभीत-मैलानी रूट की पैसेंजर गाड़ियों की नई टाइमिंग
पीलीभीत और मैलानी के बीच चलने वाली गाड़ियों के समय में भी फेरबदल किया गया है। गाड़ी संख्या 55357 पीलीभीत से सुबह 07.10 बजे के स्थान पर अब 06.45 बजे प्रस्थान करेगी और मैलानी सुबह 09.40 बजे के स्थान पर 09.05 बजे पहुंचेगी। इसके विपरीत मैलानी से पीलीभीत जाने वाली गाड़ी संख्या 55358 मैलानी स्टेशन से सुबह 05.35 बजे के स्थान पर सुबह 05.10 बजे रवाना होगी। वहीं पीलीभीत से मैलानी होते हुए डालीगंज तक जाने वाली गाड़ी संख्या 55085 अब पीलीभीत से शाम 05.20 बजे की जगह शाम 06.05 बजे छूटेगी।
लखीमपुर रूट के यात्रियों के लिए राहत, केवल आगमन-प्रस्थान समय में आंशिक संशोधन
लखीमपुर रेल खंड से होकर गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनों के चलने का समय यथावत रखा गया है, जिससे दैनिक यात्रियों को कोई बड़ी असुविधा नहीं होगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार मुख्य बदलाव मैलानी स्टेशन पर ट्रेनों के प्रस्थान और आगमन के समय में किया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे 27 जुलाई या उसके बाद अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे पूछताछ सेवा, एनटीईएस ऐप (NTES) या अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन से ट्रेनों के बदले हुए समय की सही जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।