99 सिटिंग विधायकों के गढ़ में हारी बीजेपी, मंत्रियों की भी उड़ी नींद; यूपी चुनाव से पहले सामने आया सबसे डरावना सच
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों से पहले 2024 के आम चुनाव के विधानसभा-वार आंकड़ों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दलों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। चुनाव नतीजों के गहरे विश्लेषण से सामने आया है कि भाजपा प्रत्याशी अपनी ही पार्टी के विधायकों वाले करीब 156 विधानसभा क्षेत्रों में ही बढ़त हासिल कर सके, जबकि 99 ऐसे विधानसभा हलकों में पार्टी पिछड़ गई जहां खुद भाजपा के सिटिंग विधायक काबिज हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि अपने विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को बढ़त दिलाने में नाकाम रहने वालों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के कई कद्दावर मंत्री भी शामिल हैं।
इसके विपरीत, समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने गढ़ में बेहद मजबूत पकड़ दिखाई। सपा ने अपने मौजूदा विधायकों वाली 100 विधानसभा सीटों पर मजबूत बढ़त हासिल की और पार्टी केवल 11 हलकों में ही पीछे रही। कुल आंकड़े देखें तो सपा और कांग्रेस के 'इंडिया' गठबंधन ने पूरे प्रदेश की 220 से ज्यादा विधानसभा सीटों पर अपना परचम लहराया था। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की कुल 80 संसदीय सीटों में से सपा ने 37 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत दर्ज कर गठबंधन का आंकड़ा 43 तक पहुंचाया था, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा को 33 सीटों से ही संतोष करना पड़ा था। एनडीए खेमे में राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) को दो और अपना दल (सोनेलाल) को एक सीट मिली थी। वहीं नगीना सीट से आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर विजयी हुए और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) शून्य पर सिमट गई थी।
सिटिंग विधायकों वाले क्षेत्रों में पिछड़ने की यह मार सिर्फ भाजपा तक सीमित नहीं रही, बल्कि सहयोगी दलों के असर वाले इलाकों में भी एनडीए को झटका लगा। लोकसभा चुनाव के दौरान एनडीए प्रत्याशी अपना दल (एस) के छह, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के छह, निषाद पार्टी के तीन और रालोद के दो विधायकों की विधानसभा सीटों पर भी बढ़त बनाने से चूक गए। उधर बसपा का प्रदर्शन अपनी इकलौती विधानसभा सीट रसड़ा (घोसी लोकसभा) में भी कमजोर रहा, जहां पार्टी उम्मीदवार आगे नहीं निकल सका। इस सीट से बसपा के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह थे, जिनका 5 अगस्त को निधन हो गया।
सियासी रूप से चर्चित जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' ने चुनाव में किसी भी गठबंधन को समर्थन न देने का ऐलान किया था, लेकिन इसके बावजूद उनकी पार्टी के दोनों विधायकों वाली सीटों पर सपा प्रत्याशियों ने बढ़त बनाई। कांग्रेस के पास राज्य में दो विधायक हैं—प्रतापगढ़ की रामपुर खास और महाराजगंज की फरेंदा सीट। रामपुर खास में सपा प्रत्याशी ने बढ़त बनाते हुए प्रतापगढ़ लोकसभा सीट पर कब्जा जमाया, वहीं फरेंदा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी अपनी विधानसभा में तो आगे रहे, लेकिन पूरी लोकसभा सीट पर भाजपा के पंकज चौधरी से चुनाव हार गए।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में 403 सीटों में से भाजपा ने 255 और सपा ने 111 सीटें जीती थीं, लेकिन उपचुनावों और दलबदल के बाद सपा का आंकड़ा घटकर 101 रह गया है। योगी सरकार में मंत्री बने मनोज कुमार पांडेय समेत सपा के तीन विधायकों को सदन में असंबद्ध घोषित किया जा चुका है। एनडीए गठबंधन के दलों की स्थिति देखें तो 2022 में 12 सीटें जीतने वाले अपना दल (एस) के पास अब 13 विधायक हैं। सपा का साथ छोड़कर भाजपा गठबंधन में आई रालोद के पास नौ और निषाद पार्टी के पास पांच विधायक हैं, जबकि ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा भी अब भाजपा के साथ है। इसके अलावा सदन में कांग्रेस के दो, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के दो और बसपा का एक सदस्य रहा है।