प्रेमानंद महाराज को Z+ सुरक्षा की मांग: आश्रम में गुटबाजी को लेकर मची अफरा तफरी
मथुरा के वृंदावन स्थित राधा केली कुंज आश्रम और प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज इन दिनों निरंतर सुर्खियों में हैं। आश्रम के दीक्षित साधक रसिक दुलारी शरण की मौत और बाहर लापता बच्चों के परिजनों द्वारा किए गए प्रदर्शन के बीच अब सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विवाद गहरा गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा फलाहारी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर संत प्रेमानंद महाराज को तत्काल 'जेड प्लस' (Z+) सुरक्षा मुहैया कराने और आश्रम की गतिविधियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में दिनेश शर्मा फलाहारी ने दावा किया है कि आश्रम में शिष्यों के दो गुट बन चुके हैं, जिससे आंतरिक व्यवस्थाएं पटरी से उतर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आश्रम की गतिविधियों में जमीन के कारोबार से जुड़े और आपराधिक प्रवृत्ति के कुछ लोगों की दखलअंदाजी बढ़ गई है। इससे आश्रम की साख प्रभावित होने के साथ-साथ पूज्य संत की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। फलाहारी ने यह आशंका भी जताई कि परिसर में नाबालिगों के गायब होने जैसी गैर-कानूनी गतिविधियां हो सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि निष्पक्ष जांच के लिए आश्रम के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कानूनी साक्ष्य के तौर पर तुरंत जब्त और सुरक्षित किया जाए।
दूसरी ओर, तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए रविवार शाम को प्रस्तावित आश्रम समर्थकों का धरना-प्रदर्शन टाल दिया गया। सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर जुटने की अपील के बाद आश्रम प्रबंधन और वरिष्ठ संतों की एक अहम बैठक हुई। इसके बाद एक आधिकारिक वीडियो संदेश जारी कर स्पष्ट किया गया कि संत प्रेमानंद महाराज और वरिष्ठ संतों ने किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन, नारेबाजी या भीड़ जुटाने से पूरी तरह बचने का निर्देश दिया है, जिसके चलते कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया।
इस बीच, राधा केली कुंज के बाहर प्रदर्शन करने वाले परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लापता हुए दोनों किशोरों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से सकुशल बरामद कर लिया है। हाथरस के सादाबाद निवासी अनुज चौधरी को हाथरस और मथुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने बरसाना स्थित लाड़ली दास आश्रम से खोज निकाला, जिसे कानूनी प्रक्रिया के तहत सादाबाद पुलिस न्यायालय में पेश करेगी। वहीं, कासगंज के मयंक चौहान को प्रयागराज पुलिस ने दारागंज इलाके से सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। दोनों बच्चों के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।