शराब के नशे में शैतान बना दामाद! साली बचाने आई तो उसके साथ कर दिया ये खौफनाक कांड

शराब के नशे में शैतान बना दामाद! साली बचाने आई तो उसके साथ कर दिया ये खौफनाक कांड

उत्तर प्रदेश के तराई जिले बलरामपुर में पारिवारिक विवाद के चलते एक दामाद ने ससुराल पहुंचकर खूनी खेल खेल दिया। पचपेड़वा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में शराब के नशे में धुत युवक ने अपनी पत्नी, साली और नाबालिग भतीजे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। ग्रामीणों की घेराबंदी और सूचना पर सक्रिय हुई स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सेमरा गांव निवासी रामदेव यादव द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उनकी पुत्री गुड़िया का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व पड़ोसी जनपद सिद्धार्थनगर के ढेबरुआ थाना अंतर्गत धनौरी गांव निवासी श्यामू यादव के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही दांपत्य कलह शुरू हो गई थी, जिसके चलते गुड़िया मायके में रह रही थी। आरोप है कि पहली अक्टूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे श्यामू अत्यधिक शराब पीकर ससुराल पहुंचा और दरवाजे पर ही पत्नी के साथ गाली-गलौज और विवाद करने लगा। ससुरालियों ने जब उसे समझाने और शांत करने की कोशिश की, तो उसने जेब से धारदार चाकू निकालकर सीधे गुड़िया पर वार कर दिया।

दीदी को लहूलुहान देख जब उसकी छोटी बहन अंजनी बीच-बचाव के लिए दौड़ी, तो सिरफिरे श्यामू ने उस पर भी बेरहमी से चाकू से कई प्रहार किए। इसी दौरान बचाव में आगे आए रिश्ते के भतीजे धर्मेंद्र यादव को भी उसने चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। तीनों के खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरते ही घर में कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़ते, तब तक आरोपी जान से मारने की खुली धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।

घटना के तत्काल बाद परिजनों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पचपेड़वा पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अत्यधिक खून बह जाने के कारण गंभीर रूप से घायल अंजनी को जिला मेमोरियल अस्पताल बलरामपुर के लिए रेफर कर दिया, जहां वह सर्जिकल वार्ड में भर्ती है; वहीं गुड़िया और धर्मेंद्र का उपचार सीएचसी में जारी है। पचपेड़वा थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी श्यामू यादव के खिलाफ संगीन धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है।