सपा के 'जंगलराज' से लेकर राम मंदिर तक... 2027 के दंगल के लिए बीजेपी ने चल दिया कौन सा मास्टरस्ट्रोक?

सपा के 'जंगलराज' से लेकर राम मंदिर तक... 2027 के दंगल के लिए बीजेपी ने चल दिया कौन सा मास्टरस्ट्रोक?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीतिक बिसात बिछाने की शुरुआत कर दी है। कान्हा की नगरी मथुरा में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय चिंतन शिविर में भाजपा ने आगामी चुनावों के लिए तीन मुख्य स्तंभ तय किए हैं—विकास, कानून-व्यवस्था और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली के समीप ब्रज क्षेत्र में आयोजित इस मंथन बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक धार देने और खासकर युवा मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को स्थानीय धार्मिक भावनाओं से जोड़ते हुए 'राधे राधे, कमल खिला दे' जैसे नारों के साथ जनसंपर्क साधने के निर्देश दिए गए हैं।

मंथन सत्र के दौरान जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की नाराजगी और समन्वय की कमी का मुद्दा भी उभरा। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने खुलकर चेताया कि अगर कार्यकर्ताओं की जायज शिकायतों और संवादहीनता को समय रहते हल नहीं किया गया, तो आगामी विधानसभा चुनाव में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इसी के मद्देनजर बूथ प्रबंधन, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और विपक्ष के हमलों की धार कुंद करने के लिए संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बिठाने पर सहमति बनी।

सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ शब्दों में कहा कि पिछले एक दशक में भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने जनसंपर्क अभियानों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े कार्यों को प्रमुखता से सामने रखें। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे जनता को समाजवादी पार्टी के दौर के 'जंगलराज' और अराजकता की याद दिलाएं, ताकि नए और पुराने मतदाता दोनों सरकारों के बीच कानून-व्यवस्था के बड़े अंतर को साफ समझ सकें।

पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने शिविर में मौजूद नेताओं को सांस्कृतिक उपलब्धियों को रेखांकित करने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के संकल्प को साकार करने की ऐतिहासिक उपलब्धि को घर-घर तक पहुंचाया जाना चाहिए। इस दो दिवसीय चिंतन शिविर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े तथा भाजपा की कोर कमेटी के शीर्ष नेता शामिल रहे।