दूध में दी नींद की गोलियां, फिर बिस्तर पर छोड़ा जहरीला सांप; पत्नी और ड्राइवर प्रेमी का खौफनाक कारनामा

दूध में दी नींद की गोलियां, फिर बिस्तर पर छोड़ा जहरीला सांप; पत्नी और ड्राइवर प्रेमी का खौफनाक कारनामा

उत्तर प्रदेश के मेरठ से सामने आए चर्चित 'सांप के डसने से मौत' मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाली परतें खुलती जा रही हैं। हस्तिनापुर इलाके के एक प्राइवेट स्कूल के डायरेक्टर अतुल कुमार की मौत कोई कुदरती हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और शातिर हत्याकांड थी। पुलिस की पैनी नजर और तकनीकी तफ्तीश ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पत्नी दामिनी और उसके प्रेमी तुषार को बेनकाब कर दिया है।

अवैध संबंधों का सच आया सामने, नौकरी और बदनामी के डर से रची साजिश

मामला हस्तिनापुर क्षेत्र का है, जहां मृतक अतुल कुमार अपना प्राइवेट स्कूल चलाते थे। उनकी पत्नी दामिनी उसी स्कूल में बतौर प्रिंसिपल कार्यरत थी, जबकि पास के गांव का रहने वाला तुषार स्कूल बस चलाता था। साथ काम करते-करते दामिनी और तुषार के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता अवैध संबंधों में बदल गया।

जब अतुल को पत्नी के इस अफेयर की भनक लगी, तो घर में भारी कलह शुरू हो गई। अतुल ने प्रेमी तुषार को तुरंत नौकरी से निकालने और उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दी। अपना राज खुलने और भविष्य बर्बाद होने के डर से बौखलाए प्रेमी जोड़े ने अतुल को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खतरनाक प्लान तैयार किया।

Google पर तलाशे हत्या के तरीके, क्राइम शो देखकर बनाई योजना

पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि दोनों ने हत्या को अंजाम देने के लिए इंटरनेट की मदद ली। उन्होंने गूगल पर 'हत्या करने के तरीके' सर्च किए और क्राइम शो देखकर कई आइडिया तलाशे। शुरुआत में उन्होंने अतुल को किसी सड़क हादसे का शिकार बनाने की कोशिश की, लेकिन यह प्लान फेल हो गया।

इसी दौरान तुषार को पास के गांव में हुई एक पुरानी घटना का पता चला, जिसमें एक महिला ने पति को सांप से कटवाकर मार डाला था। पुलिस के शक से बचने और हत्या को प्राकृतिक मौत (Accidental Death) का रूप देने के लिए दोनों को यह तरीका सबसे सेफ लगा।

दूध में घोली नींद की गोलियां, बेहोश पति के बिस्तर पर छोड़ा जहरीला सांप

योजना के तहत घटना वाली रात दामिनी ने बड़ी चालाकी से काम लिया। उसने सोने से पहले पति अतुल को दूध का गिलास दिया, जिसमें पहले से भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिला रखी थीं। दूध पीते ही अतुल बेसुध होकर गहरी नींद में सो गए। पति के बेहोश होते ही दामिनी ने चालाकी दिखाते हुए बच्चों को दूसरे कमरे में सोने भेज दिया।

इसके बाद प्रेमी तुषार चुपके से एक बेहद जहरीला सांप लेकर घर में दाखिल हुआ। बेसुध पड़े अतुल के बिस्तर पर सांप को छोड़ दिया गया। जहरीले सांप के डसते ही अतुल की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की सतर्कता और फॉरेंसिक जांच से खुला राज

वारदात के बाद सुबह दामिनी ने इसे एक सामान्य हादसा दिखाने का पूरा नाटक किया। हालांकि, घटना स्थल के हालात, संदिग्ध बयानों और पुलिस की तकनीकी व फॉरेंसिक जांच ने इस पूरे ड्रामे की पोल खोल दी। सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) खंगालने के बाद पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो कातिल पत्नी और उसके प्रेमी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

Latest Posts