गोरखपुर में अखिलेश यादव के काफिले के पीछे दौड़ती JCB ने 14 साल के छात्र को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार दोपहर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की 'पीडीए रथ यात्रा' के दौरान एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। एयरपोर्ट से महज डेढ़ किलोमीटर दूर कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी गेट के पास स्वागत में जुटी एक तेज रफ्तार जेसीबी ने स्कूटी सवार 14 साल के छात्र को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय भाजपा नेता ओमकार सिंह के बेटे आर्यवर्धन सिंह के रूप में हुई है, जो दसवीं कक्षा का छात्र था। इस भीषण दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने मुख्य सड़क पर जाम लगाकर घंटों तक प्रदर्शन किया और सपा मुखिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सपा मुखिया अखिलेश यादव गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद अपने विशेष पीडीए रथ से देवकली गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके भव्य स्वागत के लिए सड़क किनारे बुलडोजर और जेसीबी तैनात कर रखे थे, जिनसे काफिले पर लगातार फूल बरसाए जा रहे थे। इसी दौरान आर्यवर्धन अपनी स्कूटी से सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी काफिले के ठीक पीछे तेजी से आ रही अनियंत्रित जेसीबी ने उसे रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घटना के बाद गमगीन पिता ओमकार सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा केंद्रीय विद्यालय से अपनी बहन को घर वापस लाने के लिए निकला था। सड़क पार करते समय अखिलेश यादव का मुख्य काफिला तो आगे निकल चुका था, लेकिन फूलों की बौछार करने में लगी जेसीबी काफिले को पकड़ने की होड़ में बेहद तेज रफ्तार में दौड़ाई जा रही थी। उसी अंधी रफ्तार की चपेट में उनका मासूम बेटा आ गया और उसने वहीं दम तोड़ दिया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि आर्यवर्धन सिंह की मौत के मामले में परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है। डीएम के मुताबिक दुर्घटना में शामिल जेसीबी को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं घटना पर गहरा दुख जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, साथ ही उनके परिजनों से मिलकर सांत्वना देने की भी संभावना है।