भारत में 2070 तक कितना बदलेगा हिंदू-मुस्लिम आबादी का अनुपात, प्यू रिसर्च की रिपोर्ट आई सामने

भारत में 2070 तक कितना बदलेगा हिंदू-मुस्लिम आबादी का अनुपात, प्यू रिसर्च की रिपोर्ट आई सामने

वैश्विक जनसांख्यिकी को लेकर प्यू रिसर्च सेंटर की एक नई स्टडी में बेहद चौंकाने वाले अनुमान सामने आए हैं। बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा रुझानों के आधार पर साल 2035 तक इस्लाम ईसाई धर्म को पछाड़कर दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा। अध्ययन का अनुमान है कि अगर जनसांख्यिकीय बदलाव इसी गति से चलते रहे, तो 2070 तक विश्व भर में मुस्लिम आबादी 3.6 अरब (बिलियन) के पार निकल जाएगी, जबकि ईसाइयों की संख्या 3 अरब से थोड़ी कम रहने की संभावना है।

रिपोर्ट में दुनिया भर की कुल आबादी और प्रमुख धर्मों के आंकड़ों का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया है। 2020 से 2070 के बीच दुनिया की कुल आबादी में 29 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। इसी समयावधि में ईसाई आबादी जहां 30 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी, वहीं मुस्लिम आबादी में 80 प्रतिशत का भारी उछाल देखने को मिल सकता है। प्यू रिसर्च के अनुसार, बड़े धर्मों में विस्तार का मुख्य स्रोत वयस्कों द्वारा धर्मांतरण नहीं, बल्कि संबंधित समुदायों में जन्म लेने वाले बच्चे हैं। 2020-2025 के आंकड़ों के मुताबिक, मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर (फर्टिलिटी रेट) प्रति महिला 3.1 बच्चे दर्ज की गई, जबकि ईसाई महिलाओं में यह 2.5 रही। वहीं अन्य सभी महिलाओं की औसत प्रजनन दर 1.6 पाई गई, जो पीढ़ीगत संतुलन के लिए जरूरी 2.1 के मानक स्तर से काफी नीचे है।

दुनिया भर में हिंदुओं की कुल संख्या कितनी

हिंदू आबादी के संदर्भ में रिपोर्ट बताती है कि भारत और दुनिया भर में हिंदुओं की कुल संख्या 2020 के 1.2 अरब से बढ़कर 2070 तक 1.4 अरब पहुंचने का अनुमान है। यानी इस दौरान भारत में हिंदू आबादी में करीब 17.6 करोड़ (176 मिलियन) की बढ़ोतरी दर्ज होगी। हालांकि अन्य समुदायों की तेज विकास दर के चलते वैश्विक आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी में मामूली गिरावट आएगी और यह 2020 के 15 प्रतिशत से घटकर 2070 में 14 प्रतिशत रह जाएगी। भारत के बाहर हिंदुओं की आबादी में होने वाली वृद्धि का बड़ा हिस्सा पाकिस्तान (50 लाख से अधिक) और अमेरिका (40 लाख से अधिक) से आने की संभावना है। इसके साथ ही अमेरिका दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी हिंदू आबादी वाला देश बन जाएगा, जबकि भारत और नेपाल ही ऐसे दो देश रहेंगे जहां हिंदू बहुसंख्यक बने रहेंगे।

भारतीय जनसांख्यिकी में भी आने वाले दशकों में बदलाव के संकेत मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में कुल प्रजनन दर में हाल के वर्षों में तेज गिरावट के बावजूद मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर हिंदू महिलाओं की तुलना में अधिक बनी हुई है। अनुमान के तहत भारत की कुल आबादी में हिंदुओं का अनुपात 2020 के 79.4 प्रतिशत से घटकर 2070 तक 75.8 प्रतिशत रह सकता है। वहीं, देश में मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 2020 के 15.2 प्रतिशत से बढ़कर 2070 तक 19.6 प्रतिशत होने का आकलन किया गया है। इसके अलावा 2070 तक पाकिस्तान दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है, जिसके बाद भारत दूसरे, नाइजीरिया तीसरे और इंडोनेशिया चौथे स्थान पर रहेगा।

वैश्विक स्तर पर अन्य धर्मों और भौगोलिक क्षेत्रों में भी बड़े उलटफेर देखने को मिलेंगे। चीन, दक्षिण कोरिया और जापान में कुल जनसंख्या घटने के कारण दुनिया में बौद्ध समुदाय की संख्या और हिस्सेदारी दोनों में कमी आने का अनुमान है। वहीं 2070 तक दुनिया के आधे से अधिक ईसाई सब-सहारा अफ्रीका में केंद्रित होंगे, जहां डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो अमेरिका को पीछे छोड़कर सबसे अधिक ईसाई आबादी वाला मुल्क बन जाएगा।