UP में आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले, 3 जिलों के CDO बदले
उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में रविवार देर रात शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 14 आईएएस (IAS) और 34 पीसीएस (PCS) अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल करते हुए नई तैनाती सूची जारी कर दी है।
इस फेरबदल में तीन जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (CDO), मंडलों के अपर आयुक्त, कई जिलों के अपर जिलाधिकारी (ADM), नगर मजिस्ट्रेट और उपजिलाधिकारी (SDM) स्तर के अधिकारियों को नए कार्यभार सौंपे गए हैं।
तीन जिलों को मिले नए सीडीओ, स्टार्टअप मिशन में भी नई कमान
प्रशासनिक सूची के अनुसार, सहारनपुर के सीडीओ सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। वहीं, वाणिज्य कर विभाग में अपर आयुक्त रहे डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया सीडीओ बनाया गया है। लखीमपुर खीरी के सीडीओ अभिषेक कुमार को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव का दायित्व मिला है, जबकि अयोध्या के एडीएम (नगर) योगानन्द पाण्डेय अब लखीमपुर खीरी के नए सीडीओ होंगे। अम्बेडकर नगर के सीडीओ आनन्द कुमार शुक्ला को रेशम विभाग में विशेष सचिव एवं निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है, और कुशीनगर के एडीएम (वित्त/राजस्व) वैभव मिश्रा को अम्बेडकर नगर का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है।
राजस्व परिषद प्रयागराज और सचिवालय में नए चेहरे
राजस्व परिषद प्रयागराज में भी बड़ा बदलाव किया गया है। परिषद के सदस्य (न्यायिक) साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग में सचिव बनाया गया है। उनकी जगह विन्ध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम और रेशम विभाग के विशेष सचिव देवेन्द्र कुमार सिंह कुशवाहा को राजस्व परिषद प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त आईटी विभाग के विशेष सचिव राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग (PWD) में विशेष सचिव, युवा कल्याण के संयुक्त निदेशक अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा में विशेष सचिव और अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। सहारनपुर के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है, जबकि महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा नेहा शर्मा को सचिव चिकित्सा शिक्षा के पदभार से अवमुक्त कर दिया गया है।
काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ बदले, नगर निगमों में भी नई तैनाती
धार्मिक और स्थानीय निकायों में भी व्यापक फेरबदल देखने को मिला है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विश्वभूषण मिश्रा को उपसचिव, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के पद पर भेजा गया है। गाजियाबाद नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को आयुक्त ग्राम्य विकास कार्यालय में संयुक्त आयुक्त (प्रशासन) बनाया गया है, जबकि सहकारी चीनी मिल संघ की प्रधान प्रबंधक सुश्री बरखा सिंह को वाराणसी नगर निगम का अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
गौतमबुद्धनगर और प्रयागराज के बीच अफसरों की अदला-बदली
जिले स्तर पर एडीएम संवर्ग में अहम अदला-बदली हुई है। प्रयागराज के एडीएम (नजूल) एवं उपसंचालक चकबंदी संजय कुमार पाण्डेय को गौतमबुद्धनगर का एडीएम (प्रशासन) बनाया गया है। वहीं गौतमबुद्धनगर में तैनात एडीएम (प्रशासन) मंगलेश दुबे को प्रयागराज में उपसंचालक चकबंदी के पद पर भेजा गया है। कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) के सचिव अभय कुमार पाण्डेय को एडीएम (वि/रा) कासगंज और कौशांबी के एसडीएम सुखलाल प्रसाद वर्मा को एडीएम (नजूल) प्रयागराज की जिम्मेदारी मिली है। मिर्जापुर के मुख्य राजस्व अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह-2 को मुरादाबाद विकास प्राधिकरण का सचिव और एडीएम (नमामि गंगे) श्रीमती विजेता को मिर्जापुर का मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया है।
तहसीलों और मंडियों में कई एडीएम व एसडीएम का तबादला
पीसीएस संवर्ग में व्यापक स्तर पर फेरबदल करते हुए कई जिलों में नई तैनातियां की गई हैं। बहराइच के एडीएम अमित कुमार-2 और बागपत के एडीएम विनीत उपाध्याय को यूपी सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक बनाया गया है। देवरिया के एडीएम राम शंकर को खाद्य एवं रसद में उपायुक्त (प्रशासन), कासगंज के एडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह को कृषि उत्पादन मंडी परिषद में उपनिदेशक, और एटा के एडीएम संगम लाल को एडीएम (नमामि गंगे) मिर्जापुर के पद पर भेजा गया है। जालौन के एडीएम (न्यायिक) योगेंद्र सिंह को रेशम निदेशालय में उपनिदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। मुजफ्फरनगर के नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ को एडीएम (वि/रा) देवरिया और बुलंदशहर के एसडीएम दीपक कुमार पाल को मुजफ्फरनगर का नया नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
एसडीएम स्तर पर व्यापक फेरबदल: नोएडा, हापुड़, गाजियाबाद समेत कई बदले
तहसील प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए शासन ने कई उपजिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले हैं। हापुड़ की एसडीएम श्रीमती रेणु को गाजियाबाद का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।
औरैया के एसडीएम अजय आनंद वर्मा को आजमगढ़ और आजमगढ़ की एसडीएम श्रीमती दिव्या सिकरवार को एसडीएम औरैया नियुक्त किया गया है। सिद्धार्थनगर की एसडीएम श्रीमती रेणु मिश्रा को फर्रुखाबाद, गोंडा के एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह को गौतमबुद्धनगर (नोएडा), कानपुर देहात के एसडीएम प्रद्युम्न कुमार को बस्ती भेजा गया है। यूपीएसएसएससी की उपसचिव श्रीमती वंदना त्रिवेदी को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन अकादमी में उपनिदेशक बनाया गया है।
बदायूं के एडीएम अरुण कुमार को बहराइच और सहारनपुर के एसडीएम मानवेंद्र सिंह (2019 बैच) को एडीएम (प्रशासन) बदायूं की कमान सौंपी गई है। मंडी परिषद के उपनिदेशक राजीव कुमार राय को एडीएम (वि/रा) बागपत, आगरा के एडीएम अजय नारायण सिंह को एडीएम (प्रशासन) एटा, आजमगढ़ के एसडीएम प्रशांत कुमार को एडीएम (नागरिक आपूर्ति) आगरा और आजमगढ़ की एसडीएम श्रीमती प्रियंका सिंह को अपर नगर आयुक्त मथुरा बनाया गया है।
इसके अलावा बस्ती के एसडीएम शत्रुहन पाठक को एडीएम (न्यायिक) जालौन, संभल की एसडीएम सुश्री शुभी गुप्ता को सहायक निदेशक लोहिया अकादमी, मैनपुरी के एसडीएम अशोक कुमार को एसडीएम हापुड़ और झांसी के एसडीएम शुभेन्दु शेखर सिंह को यूपीडा (UPEIDA) में विशेष कार्याधिकारी नियुक्त किया गया है।