बुलंदशहर में बड़ा एनकाउंटर: 25 मुकदमों वाला गैंगस्टर नसीम दुर्रानी ढेर, STF और दिल्ली पुलिस ने ऐसे लिया बदला!
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दिल्ली पुलिस और नोएडा एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को एक मुठभेड़ में मार गिराया है। यह वही अपराधी था, जिसने 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार में पूर्व विधायक और मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप ऑफिस के बाहर 26 वर्षीय समीर की सरेआम हत्या कर सनसनी फैला दी थी। 50,000 रुपये के इनामी नसीम दुर्रानी का नाम अंडरवर्ल्ड और डी-कंपनी से जुड़े छोटा शकील के नेटवर्क से भी जोड़ा जा रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस गैंगस्टर पर मर्डर, लूट और जानलेवा हमले जैसे 25 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज थे।
राजधानी दिल्ली के नॉर्थ-ईस्ट जिले के खजूरी खास इलाके में 16 नवंबर की शाम ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा था। घटना कुदरा खट्टा, जीरो पुश्ता, सोनिया विहार के पास स्थित कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर शाम करीब 5:30 बजे हुई, जब बाइक सवार दो बदमाशों ने लगभग 20 राउंड फायरिंग कर दी। इस खूनी वारदात में दयालपुर (33 फुटा रोड) निवासी समीर को निशाना बनाया गया, जो अपने साथी रिजवान के साथ स्कूटर पर सवार था। गंभीर रूप से घायल समीर को तुरंत सिविल लाइंस के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती दौर में मंत्री के कार्यालय के बाहर हुई इस वारदात से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद साफ किया कि यह हमला मंत्री या उनके दफ्तर पर नहीं था। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात दो पुराने साथियों के बीच चल रही आपसी रंजिश का परिणाम थी। स्थानीय निवासी ब्रजेश शर्मा के अनुसार, मुख्य सड़क पर करीब 20 राउंड हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि, वारदात के कुछ ही दिनों के भीतर स्पेशल टास्क फोर्स और दिल्ली पुलिस ने सटीक इनपुट के आधार पर बुलंदशहर में नसीम को घेर लिया, जहां पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह मारा गया।