13 करोड़ के पार पहुंची यूपी के मतदाताओं की संख्या, लेकिन आबादी के हिसाब से अभी भी गायब हैं इतने लाख वोटर्स!
उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों के बीच मतदाता सूची को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) के तहत राज्य की नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिनवा ने राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस नए ड्राफ्ट के साथ ही उत्तर प्रदेश में पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 13 करोड़ 58 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। इस नई सूची में बीती 10 अप्रैल को प्रकाशित पिछली मतदाता सूची के मुकाबले करीब 18.84 लाख मतदाताओं की सीधी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ताजा आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में कुल 13,58,68,905 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 7,38,58,510 और महिला मतदाताओं की संख्या 6,20,06,353 है। इसके अलावा 18 से 19 आयु वर्ग के 11,83,352 पहली बार बने युवा मतदाता भी इस सूची का हिस्सा हैं। हालांकि, जनसंख्या के जनसांख्यिकीय अनुमानों की तुलना में राज्य में अभी भी लगभग 2.58 करोड़ मतदाताओं की कमी रेखांकित की गई है। आबादी के गणित के हिसाब से जहां 8.32 करोड़ पुरुष मतदाता होने चाहिए थे, वहीं मौजूदा ड्राफ्ट में यह संख्या करीब 94.17 लाख कम है। इसी तरह अनुमानित 7.84 करोड़ महिलाओं के मुकाबले ड्राफ्ट में 6.20 करोड़ महिला मतदाता ही दर्ज हैं, जिससे लगभग 1.64 करोड़ महिलाओं के पंजीकरण में फासला बना हुआ है।
चुनाव आयोग के तय शेड्यूल के अनुसार, 17 नवंबर को ड्राफ्ट जारी होने के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 16 दिसंबर तक चलेगी। 28 दिसंबर तक सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण कर दिया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को फाइनल इलेक्टोरल रोल का आधिकारिक प्रकाशन होगा। इस बीच ड्राफ्ट सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी रणनीति के तहत राज्यभर में बड़े पैमाने पर 'वोटर जोड़ो अभियान' छेड़ने का फैसला किया है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले इस महीने भर के अभियान के तहत पार्टी ने प्रदेश के सभी 1,73,730 पोलिंग बूथों पर प्रति बूथ न्यूनतम 50 नए वोटरों को जोड़ने का लक्ष्य साधा है, जिससे करीब 86.86 लाख से लेकर सवा करोड़ नए रजिस्ट्रेशन कराने की योजना बनाई गई है।