दीपावली पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सिराथू स्थित निज निवास पहुंचकर माता जी का लिया आशीर्वाद
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने दीपावली के पावन अवसर पर आज अपने गृह जनपद कौशांबी के सिराथू स्थित निज निवास पहुंचकर अपनी पूज्य माता जी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने माता जी के चरण स्पर्श कर उनका कुशलक्षेम जाना और परिवार के साथ दीपावली का पर्व मनाया।
श्री मौर्य ने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी और शक्ति है। भारतीय संस्कृति में माता का स्थान सर्वोपरि है। मां का स्नेह, त्याग, तपस्या और संस्कार ही व्यक्ति के जीवन की मजबूत नींव होते हैं। उनका आशीर्वाद जीवन के प्रत्येक संघर्ष में संबल और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मां के चरणों में ही उनके लिए सबसे बड़ा तीर्थ और उनका आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें सदैव जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा और शक्ति देता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि परिवार, संस्कार, आत्मीयता और सामाजिक समरसता का भी उत्सव है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों से जुड़े रहने का संदेश देता है। व्यस्त सार्वजनिक जीवन में भी परिवार और माता-पिता के सान्निध्य में बिताए गए पल विशेष सुख और आत्मिक संतोष प्रदान करते हैं।