जमीन के नीचे से मिला कुदरत का गुप्त सिग्नल! अब भूकंप और बाढ़ आने से पहले ही मिल जाएगी चेतावनी
धरती के भीतर छिपे प्राकृतिक संकेतों को समझने की दिशा में भारतीय वैज्ञानिकों के हाथ एक अहम कामयाबी लगी है। वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी (WIHG), देहरादून के भू-वैज्ञानिकों के ताजा अध्ययन से यह सामने आया है कि जमीन के नीचे मौजूद रेडॉन गैस के स्तर में आने वाला उतार-चढ़ाव केवल भूकंप ही नहीं, बल्कि मूसलाधार बारिश और विनाशकारी बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं की पूर्व चेतावनी भी बन सकता है। अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका 'जियोफिजिक्स फॉर एडवांसिंग सेस्मोलॉजी' में प्रकाशित इस शोध में वर्ष 2013 की ऐतिहासिक केदारनाथ आपदा के जमीनी आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है, जिसमें बाढ़ के दौरान भूजल में रेडॉन गैस की सांद्रता सामान्य से दोगुनी से भी ज्यादा दर्ज की गई थी।
रेडॉन एक रंगहीन, गंधहीन और प्राकृतिक रूप से पाई जाने वाली रेडियोधर्मी गैस है, जो जमीन के भीतर चट्टानों और मिट्टी में मौजूद यूरेनियम व थोरियम के विघटन से बनती है। पिछले पांच दशकों से दुनिया भर के भू-वैज्ञानिक भूकंप की सटीक भविष्यवाणी के लिए रेडॉन के उत्सर्जन पैटर्न पर नजर रखे हुए हैं, क्योंकि धरती के लगभग 100 किलोमीटर नीचे ऊर्जा संचय या टेक्टोनिक हलचल होने पर यह गैस तेजी से दरारों से बाहर निकलती है। नेपाल में आए भीषण भूकंप के दौरान भी ऐसे ही बदलाव रिकॉर्ड किए गए थे। हालांकि, अब तक केवल रेडॉन के आधार पर भूकंप का सटीक समय, स्थान और तीव्रता बताना संभव नहीं हो पाया था, लेकिन वाडिया इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार के इस अध्ययन ने आपदा पूर्वानुमान के नए द्वार खोल दिए हैं।
अध्ययन की नींव वाडिया इंस्टीट्यूट द्वारा वर्ष 2007 में केदारनाथ क्षेत्र के पास गुत्तू में स्थापित विशेष मल्टी-पैरामीट्रिक वेधशाला के आंकड़ों पर आधारित है। 15 से 17 जून 2013 के दौरान केदारनाथ घाटी में लगातार 52 घंटे तक अप्रत्याशित मूसलाधार बारिश हुई थी, जिसने जल प्रलय का रूप ले लिया था। उस समय गुत्तू स्थित 68 मीटर गहरे बोरहोल में भूजल स्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ा था। डेटा के गहन विश्लेषण से स्पष्ट हुआ कि अत्यधिक वर्षा और बाढ़ के प्रभाव से मिट्टी की ऊपरी परतों में रेडॉन की मात्रा तेजी से घटी, जबकि भूजल में घुलकर इसकी मात्रा सामान्य औसत से दो गुने से अधिक हो गई। इससे यह साबित हुआ कि पानी के तेज रिसाव के साथ रेडॉन जमीन के भीतर गहराई में स्थानांतरित होती है।
वैज्ञानिकों का निष्कर्ष है कि रेडॉन गैस के स्तर में होने वाले बदलावों को सटीक रूप से समझने के लिए मौसमी कारकों और भूकंपीय हलचलों के बीच अंतर करना अनिवार्य है। जब सतह का पानी मूसलाधार बारिश में तेजी से रिसकर भूमिगत जलभृतों (एक्विफर्स) तक पहुंचता है, तो रेडॉन की सांद्रता में भारी परिवर्तन आता है। ऐसे में भूकंप की वास्तविक चेतावनी और मौसमी बदलावों को अलग करने के लिए रेडॉन के स्तर का मिलान वर्षा के आंकड़ों, भूजल स्तर और सिस्मोलॉजिकल रीडिंग के साथ एक साथ किया जाना जरूरी है। गुत्तू वेधशाला में निरंतर जारी यह निगरानी आने वाले समय में हिमालयी क्षेत्र में भूकंप और भारी प्राकृतिक आपदाओं के अग्रिम अलर्ट सिस्टम को कहीं अधिक सटीक बनाने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।