कांवड़ियों के लिए भारतीय रेलवे का बड़ा तोहफा: 30 जुलाई से चलेंगी 5 कांवड़ स्पेशल ट्रेनें, कई ट्रेनों का बढ़ा रूट
पवित्र कांवड़ मेले के दौरान देवभूमि हरिद्वार पहुंचने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए भारतीय रेलवे ने कमर कस ली है। मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने कुल 5 विशेष ट्रेनों के संचालन का बड़ा फैसला लिया है। इनमें 3 अनारक्षित (Unreserved) कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं, जबकि 2 नियमित ट्रेनों का विस्तार सीधे हरिद्वार तक किया गया है। यह विशेष रेल व्यवस्था आगामी 30 जुलाई से प्रभावी होगी।
5 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, रेलवे ने संभाला मोर्चा
रेलवे अधिकारियों के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल कांवड़ यात्रा के दौरान 4 करोड़ से अधिक शिवभक्त हरिद्वार पहुंचे थे। इस बार यह आंकड़ा 5 करोड़ के पार पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। रेल मार्ग से आने वाले यात्रियों के भारी दबाव को देखते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और आसपास के स्टेशनों पर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
दिल्ली-शामली और दिल्ली-सहारनपुर ट्रेन अब सीधे हरिद्वार तक
श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए रेलवे ने दो प्रमुख रूटों की ट्रेनों का विस्तार किया है:
-
दिल्ली-शामली (74022/74023 DMU): 30 जुलाई से 14 अगस्त तक यह ट्रेन अब हरिद्वार तक चलेगी। हरिद्वार से यह ट्रेन तड़के सुबह 3:05 बजे रवाना होकर शाम 6:30 बजे शामली पहुंचेगी। वहीं वापसी में शामली से रात 10:50 बजे चलकर रात 1:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। दिल्ली से शामली के बीच इसके समय में कोई बदलाव नहीं रहेगा।
-
दिल्ली-सहारनपुर (64557/64558 MEMU): इस मेमू ट्रेन का विस्तार भी हरिद्वार तक किया गया है। यह सहारनपुर से रात 8:50 बजे प्रस्थान कर रात 10:50 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। दिल्ली-सहारनपुर खंड में इसका शेड्यूल यथावत रहेगा।
3 नई अनारक्षित कांवड़ स्पेशल ट्रेनें: जानें रूट और टाइमिंग
शिवभक्तों के सफर को आसान बनाने के लिए रेलवे 3 नई स्पेशल ट्रेनें भी पटरी पर उतार रहा है:
-
हरिद्वार-दिल्ली शाहदरा स्पेशल (04314): 30 जुलाई से 13 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना होगी। यह ट्रेन ज्वालापुर, रुड़की, टपरी, मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद होते हुए दिल्ली शाहदरा पहुंचेगी।
-
योगनगरी ऋषिकेश-दिल्ली शाहदरा स्पेशल: यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 8:35 बजे योगनगरी ऋषिकेश से निकलकर शाम 5:45 बजे दिल्ली शाहदरा पहुंचेगी।
-
योगनगरी ऋषिकेश-आलमनगर (लखनऊ) स्पेशल: यह स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे योगनगरी ऋषिकेश से आलमनगर के लिए प्रस्थान करेगी।
16 ट्रेनों के समय में बदलाव, ज्वालापुर और मोतीचूर में अतिरिक्त स्टॉपेज
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, यात्रियों की मांग के आधार पर नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जाएंगे। इसके अलावा कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार, देहरादून और योगनगरी ऋषिकेश रूट की लगभग 16 ट्रेनों के समय और स्टॉपेज में अस्थायी बदलाव किया गया है। 30 जुलाई से 13 अगस्त तक इन ट्रेनों का ठहराव ज्वालापुर और मोतीचूर स्टेशनों पर भी रहेगा, जिसके बाद सभी ट्रेनें पुनः अपने पूर्व निर्धारित शेड्यूल पर लौटेंगी।