UCC लागू करने से लेकर 13,000 एकड़ जमीन खाली कराने तक! CM धामी ने गिनाए वो सख्त फैसले जिसने चौंकाया

UCC लागू करने से लेकर 13,000 एकड़ जमीन खाली कराने तक! CM धामी ने गिनाए वो सख्त फैसले जिसने चौंकाया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के कार्यकाल का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड तेज गति से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। धामी ने स्पष्ट किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में दोबारा सत्ता में आकर भाजपा ने प्रदेश में हर पांच साल में सरकार बदलने के पुराने सियासी रिवाज को तोड़कर नया इतिहास रचा था और सरकार अपने सभी वादों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत है।

युवाओं और महिला सशक्तीकरण के मोर्चे पर आंकड़े रखते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाकर अब तक लगभग 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। प्रदेश की महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की वैधानिक व्यवस्था लागू की गई है, जबकि साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक सहायता के साथ बाजार मुहैया कराया जा रहा है, वहीं मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग और छात्रवृत्ति योजनाओं से छात्र लाभान्वित हो रहे हैं।

बुजुर्ग दंपतियों को डबल पेंशन

गरीब कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के तहत नौ लाख से अधिक पात्र लाभार्थियों को विधवा एवं दिव्यांग पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। सरकार ने पुरानी व्यवस्था को खत्म करते हुए बड़ा फैसला लिया कि अब एक ही परिवार में पति और पत्नी दोनों बुजुर्ग होने पर दोनों को अलग-अलग वृद्धावस्था पेंशन मिलेगी। इसके साथ ही करीब दो लाख अंत्योदय परिवारों को वर्ष में तीन रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त रिफिल कराने की सुविधा निरंतर दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए एक लाख से ज्यादा मकान तैयार हो चुके हैं और ग्रामीण अंचलों में 50 हजार नए आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं।

रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री पलायन योजना के जरिए युवाओं को गांवों में ही आजीविका से जोड़ा जा रहा है, जिससे कई युवा पैतृक क्षेत्रों में लौट रहे हैं। पर्वतीय खेती को बढ़ावा देने के लिए मंडुवा और झंगोरा के उत्पादन पर विशेष बल दिया जा रहा है, साथ ही एप्पल मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन, सगंध फसलों की खेती और दुग्ध उत्पादकों को चार हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लास कार्यक्रम के तहत राज्य को पूर्ण साक्षर घोषित किया गया है, 500 स्कूलों को डिजिटल बनाया गया है और देहरादून में दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बताते हुए धामी ने जानकारी दी कि प्रदेश में 63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं और 17 लाख से ज्यादा मरीजों को कैशलेस उपचार मिला है। राज्य में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, हल्द्वानी में कैंसर संस्थान व किच्छा में दूसरा एम्स स्थापित करने की दिशा में कार्य जारी है, जबकि दुर्गम पहाड़ी इलाकों के लिए हेली एंबुलेंस सेवा प्रभावी बनाई गई है। कड़े नीतिगत निर्णयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर उत्तराखंड ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बना। इसके अलावा दंगारोधी कानून, कड़ा धर्मांतरण रोधी कानून और सख्त भू-कानून लागू करने के साथ 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर 1905 सीएम हेल्पलाइन और ई-ऑफिस प्रणाली के जरिए 90 हजार से ज्यादा फाइलों का ऑनलाइन निस्तारण कर पारदर्शिता लाई गई है। बुनियादी ढांचे की बात करें तो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से दोनों शहरों की दूरी घटकर महज ढाई घंटे रह गई है, ऑल वेदर रोड पर काम जारी है और दून एयरपोर्ट देश के लगभग 50 शहरों से हवाई मार्ग से जुड़ चुका है। वर्ष 2025 में छह करोड़ से अधिक पर्यटकों और चारधाम यात्रा में 65 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आगमन ने पर्यटन अर्थव्यवस्था को रिकॉर्ड मजबूती दी है, जिसके चलते शीतकालीन चारधाम यात्रा और हरिद्वार के आगामी कुंभ मेले की बुनियादी तैयारियों को प्राथमिकता पर आगे बढ़ाया जा रहा है।