उरेडा प्रोजेक्ट ऑफिसर 40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस टीम का बागेश्वर में बड़ा एक्शन

उरेडा प्रोजेक्ट ऑफिसर 40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस टीम का बागेश्वर में बड़ा एक्शन

उत्तराखंड: राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बागेश्वर में उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (UREDA) के परियोजना अधिकारी को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अधिकारी सोलर प्लांट से जुड़ी फाइलों को आगे बढ़ाने के एवज में घूस की मांग कर रहा था।

सोलर प्लांट की JIR रिपोर्ट के नाम पर मांगी 40 हजार की रिश्वत

सतर्कता अधिष्ठान से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित शिकायतकर्ता ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उरेडा कार्यालय में उनके सोलर प्लांटों की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट (Joint Inspection Report - JIR) लंबे समय से जानबूझकर अटका कर रखी गई थी। आरोप है कि उरेडा के परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल प्रति फाइल 10 से 15 हजार रुपये रिश्वत की डिमांड कर रहे थे। पीड़ित की ऐसी कुल चार फाइलें लंबित थीं, जिन्हें पास करने और निस्तारण के बदले अधिकारी ने कुल 40 हजार रुपये की मांग रखी थी।

विजिलेंस ने बिछाया जाल, रामनगर निवासी अधिकारी रंगे हाथ दबोचा गया

शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान (सेक्टर हल्द्वानी) के कुशल निर्देशन में मामले की गोपनीय जांच कराई गई। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर तुरंत निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।

विजिलेंस टीम ने तय रणनीति के तहत शुक्रवार को जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल (निवासी राजनगर, पीरूमदारा, रामनगर, जनपद नैनीताल) को 40 हजार रुपये की रिश्वत रकम थमाई, टीम ने तुरंत दबिश देकर उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई।

Latest Posts