Uttarakhand Politics: पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन, CM धामी और गणेश जोशी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से उत्तराखंड के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके देहांत पर गहरा दुख व्यक्त किया है और उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति की प्रार्थना की है। इसके साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिजनों और उनके समर्थकों को इस कठिन और दुखद समय में धैर्य व संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पार्थिव शरीर पर अर्पित किया पुष्पचक्र
हीरा सिंह बिष्ट के निधन की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी देहरादून स्थित सेवक आश्रम रोड पहुंचे। उन्होंने स्व. बिष्ट के निजी आवास पर जाकर उनके अंतिम दर्शन किए और पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभिनि श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने उनके परिवारजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से शोक संवेदना व्यक्त की।