पुलिस आयुक्त कार्यालय में महिला ने किया ऐसा काम, पुलिसकर्मियों में मचा हड़कंप

img

गुरुग्राम, 08 अक्टूबर यूपी किरण।  गुरुवार को करीब 2 बजे यहां पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक महिला ने आत्मदाह की कोशिश की। यह घटना उस समय की है, जब महिला पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत करने आई थी। इसी दौरान उसने पेट्रोल की बोतल से खुद पर पेट्रोल डालने का प्रयास किया। यह दृश्य देखकर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने महिला को हिरासत में लिया। उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल व माचिस छीनी गई।

जानकारी के अनुसार एक महिला गुरुवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में अपनी शिकायत लेकर पहुंची थी। वह एसीपी से मिलकर बाहर निकली थी। सीढिय़ों से उतरते समय उसने बोतल से पेट्रोल खुद पर छिड़क लिया। जैसे ही वह माचिस जलाकर आग लगाने का प्रयास करने लगी तो सामने से महिला पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी। पेट्रोल की बदबू फ्लोर पर फैल गई। इससे पहले कि महिला आत्मदाह करती, पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और उससे माचिस व पेट्रोल की बोतल छीन ली। उसे हिरासत में लेकर एक कमरे में बंद कर दिया गया।

 

मौके पर मौजूद एक महिला शांति देवी ने बताया कि आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला शहर के एक थाने की एसएचओ के पास गई थी। वहां उसकी बात नहीं सुनी गई।  चर्चा है कि एसएचओ ने उसे मरने के लिए कह दिया। इसके बाद परेशान होकर महिला यहां पुलिस आयुक्त कार्यालय में पहुंची। आखिर सच्चाई क्या है, इस पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन के अनुसार महिला को समय रहते बचा लिया गया।

 

Related News