खचाखच भरे पब में लगी भीषण आग, 27 लोग जिंदा जले

खचाखच भरे पब में लगी भीषण आग, 27 लोग जिंदा जले

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से एक बेहद ही दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। सोमवार तड़के बैंकॉक के एक बेहद लोकप्रिय पब में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से कम से कम 27 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है।

स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की मुस्तैदी से फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। सोशल मीडिया पर इस भयावह घटना के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें थाई राजधानी के उत्तरी हिस्से में स्थित 'ना लाडप्राओ ​​पब' (Na Ladprao Pub) के मुख्य दरवाजे से आसमान छूती आग की लपटें और जहरीला घना काला धुआं निकलता साफ देखा जा सकता है।

चाटुचक जिले के सबसे मशहूर क्लब में मची भगदड़, दम घुटने से टूटी सांसें

यह दर्दनाक हादसा बैंकॉक के चाटुचक (Chatuchak) जिले में स्थित वहां के सबसे पसंदीदा और व्यस्त मनोरंजन स्थलों में से एक में हुआ। अंतरराष्ट्रीय मीडिया संगठन 'जेरूसलम पोस्ट' की एक रिपोर्ट के अनुसार, जिस वक्त पब के भीतर आग फैली, वहां भारी संख्या में लोग मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के मुताबिक, आग की लपटों को देख बेकाबू हुई भीड़ पब के पिछले हिस्से में बने बाथरूम की तरफ भागने की कोशिश कर रही थी, लेकिन धुएं के गुबार और निकास का रास्ता न मिलने के कारण कई पीड़ितों ने वहीं तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर सुरक्षित ठिकानों की ओर दौड़ते नजर आ रहे हैं।

आधी रात को हुआ हादसा, दमकलकर्मियों ने आधे घंटे में पाया काबू

बचाव दल के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें स्थानीय समयानुसार लगभग आधी रात के आसपास पब में आग लगने की आपातकालीन सूचना मिली थी। कॉल मिलते ही बिना कोई वक्त गंवाए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दर्जनों दमकल गाड़ियां और विशेष बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और आग बुझाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया।

Latest Posts