गोल्डी बरार का सिर लाओ, 1.63 करोड़ ले जाओ! कनाडा में नंबर-1 मोस्ट वांटेड बना गैंगस्टर

गोल्डी बरार का सिर लाओ, 1.63 करोड़ ले जाओ! कनाडा में नंबर-1 मोस्ट वांटेड बना गैंगस्टर

कनाडा सरकार ने भारत और अमेरिका में वांटेड गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बरार पर 250,000 कैनेडियन डॉलर (करीब 1.63 करोड़ रुपये) के भारी-भरकम इनाम का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही वह कनाडा के 25 सबसे बड़े मोस्ट-वांटेड भगोड़ों की सूची में शीर्ष पायदान पर पहुंच गया है। यह घोषणा कनाडा की पब्लिक-सेफ्टी संस्था 'बोलो' (BOLO) प्रोग्राम ने स्थानीय पुलिस एजेंसियों के साथ मिलकर की है। विन्निपेग पुलिस सर्विस को सितंबर 2023 में हुए 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल (सुक्खा दुनेके) मर्डर केस के सिलसिले में गोल्डी बरार की लंबे समय से तलाश है। अधिकारियों के मुताबिक, यह इनामी राशि उस व्यक्ति को दी जाएगी जो ऐसी पुख्ता जानकारी मुहैया कराएगा जिससे कनाडा या संयुक्त राज्य अमेरिका में से कहीं भी उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके।

विन्निपेग पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, 20 सितंबर 2023 को हेज़लटन ड्राइव स्थित एक घर में सुखदूल सिंह गिल की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले की पड़ताल विन्निपेग पुलिस, रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) और मैनिटोबा जस्टिस ने संयुक्त रूप से की। जांच के आधार पर 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बरार और उसके सहयोगी करणबीर सिंह के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर और आपराधिक साजिश के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। तभी से दोनों देशों की एजेंसियां उसकी टोह में जुटी हुई हैं और अब आम जनता से भी उसके ठिकाने को लेकर इनपुट साझा करने की अपील की गई है।

कनाडा की इस बड़ी कार्रवाई से ठीक पहले अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) भी गोल्डी बरार पर शिकंजा कस चुकी है। एफबीआई ने 28 सितंबर को उसे अपनी टॉप-10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में डालते हुए 1 मिलियन डॉलर (करीब 8.9 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित किया था। अमेरिकी एजेंसी के अनुसार, गोल्डी बरार सीधे तौर पर लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़ा है और उत्तरी अमेरिका में रंगदारी, टारगेट किलिंग और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे संगीन अपराधों का नेटवर्क चलाता है। भारत में भी वह मई 2022 के चर्चित सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड समेत दर्जनों मामलों में मुख्य वांछित है। दोनों मुल्कों में जारी अरेस्ट वारंट और करोड़ों के संयुक्त इनाम के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी घेराबंदी पूरी तरह सख्त हो चुकी है।