बोर्डिंग लाइन में लगे थे यात्री, तभी पीछे से पहुंचे नकाबपोश अफसर... और फिर जो हुआ किसी ने सोचा न था!
सिएटल-टैकोमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब अलास्का एयरलाइंस की एक फ्लाइट में बोर्डिंग कर रहे दो यात्रियों को अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया। लॉस एंजिल्स जा रही फ्लाइट 1306 के जेट ब्रिज पर हुई इस अचानक कार्रवाई से यात्रियों और क्रू मेंबर्स के बीच अफरा-तफरी मच गई, जिससे विमान की रवानगी में भी देरी हुई।
घटना के समय यात्री सुबह 8:10 बजे की उड़ान के लिए कतार में लगे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए फुटेज के अनुसार, सादे कपड़ों में मास्क लगाए इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के अधिकारी जेट ब्रिज पर पहुंचे और एक व्यक्ति को जमीन पर गिराकर काबू करने लगे। इस दौरान पास खड़ी एक महिला मदद की गुहार लगाते हुए चिल्ला रही थी कि उसके पास वैध वर्क परमिट है, जबकि सूटकेस लिए कतार में खड़े बाकी यात्री यह मंजर देखकर सहम गए।
कार्रवाई पर स्थिति स्पष्ट करते हुए ICE ने बताया कि यह एक लक्षित अभियान था। एजेंसी के अनुसार, मैक्सिकन नागरिक रिकार्डो लारोंडो मेंडोज़ा वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था। अधिकारियों ने बताया कि धरपकड़ के दौरान सोफिया हर्नांडेज़ मेजिया नाम की एक अन्य यात्री ने अधिकारियों पर गर्म कॉफी फेंक दी। एजेंसी का दावा है कि वह महिला भी बिना वैध दस्तावेजों के रह रही थी और अब उस पर एक फेडरल अधिकारी पर हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया जा सकता है।
थैंक्सगिविंग हॉलिडे रश के बीच हुए इस घटनाक्रम पर अलास्का एयरलाइंस ने कड़ी आपत्ति जताई है। एयरलाइन प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस तरह की किसी भी फेडरल रेड की पहले से जानकारी नहीं दी गई थी। एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि बोर्डिंग के समय हुई यह कार्रवाई बेहद परेशान करने वाली थी और वे सभी यात्रियों व कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देते हैं।
सिएटल-टैकोमा एयरपोर्ट का संचालन करने वाले 'पोर्ट ऑफ सिएटल' ने भी घटना पर चिंता व्यक्त की है। पोर्ट प्रशासन ने कहा कि वह अलास्का एयरलाइंस के साथ मिलकर यह जांच कर रहा है कि क्या इस कार्रवाई में तय एयरपोर्ट प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं। स्थानीय अधिकारी इस पूरे मामले को लेकर फेडरल एजेंसी से जवाब तलब करने की तैयारी कर रहे हैं।