भीषण विमान हादसा: आसमान में बिखरीं खुशियां, 10 लोगों की दर्दनाक मौत
कैरेबियाई देश बहामास से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। जहां एक तरफ पूरा देश अपनी 53वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के जश्न में डूबा हुआ था, वहीं शुक्रवार को हुए एक भीषण विमान हादसे ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। उत्तरी एंड्रोस (North Andros) इलाके में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई है।
इस बड़ी लापरवाही और सुरक्षा कारणों को देखते हुए बहामास सरकार ने तुरंत बड़ा कदम उठाते हुए 'फ्लेमिंगो एयर' (Flamingo Air) की सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया है।
जश्न के बीच पसरा सन्नाटा: पीएम फिलिप ब्रेव डेविस ने जताया गहरा दुख
यह दर्दनाक हादसा द्वीपसमूह की राजधानी नासाऊ के ठीक पश्चिम में स्थित उत्तरी एंड्रोस में हुआ। हादसे के बाद देश को संबोधित करते हुए बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने गहरा शोक व्यक्त किया। शुरुआत में एक यात्री के जीवित बचे होने की खबर आई थी, लेकिन बाद में प्रधानमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारी मन से पुष्टि की कि उस व्यक्ति ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पीएम डेविस ने कहा, "आज हम सब गहरे दुख के साये में इकट्ठा हुए हैं। जहां पूरा बहामास 53वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, वहीं यह दिन हमारे लिए शोक का दिन बन गया है। हर उस परिवार के प्रति, जिसके प्रियजन अब कभी घर नहीं लौट पाएंगे, हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।" फिलहाल पीड़ितों की पहचान को अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
रनवे से उड़ान भरते ही हुआ क्रैश: सेसना 402 विमान का खौफनाक अंत
बहामास विमान दुर्घटना जांच प्राधिकरण (AAIA) द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह विमान बहामास में पंजीकृत एक 'सेसना 402' (Cessna 402) मॉडल था। विमान ने नासाऊ के लिंडन पिंडिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Lynden Pindling International Airport) से सैन एंड्रोस के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही यह हादसे का शिकार हो गया। अधिकारी दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।