आसमान से गिरी 'आग की मिसाइल', 9 लोगों की दर्दनाक मौत! फ्लोरिडा में मकानों से चंद फीट की दूरी पर विमान क्रैश

आसमान से गिरी 'आग की मिसाइल', 9 लोगों की दर्दनाक मौत! फ्लोरिडा में मकानों से चंद फीट की दूरी पर विमान क्रैश

अमेरिका के साउथ फ्लोरिडा में रविवार दोपहर एक बड़ा और दर्दनाक विमान हादसा पेश आया, जहां एक निजी बिजनेस जेट रिहायशी इलाके के पास क्रैश होकर आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना दोपहर करीब 12:50 बजे पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन क्षेत्र में घटी, जो पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रसिद्ध मार-ए-लागो रिसॉर्ट से महज 14 किलोमीटर (करीब 9 मील) की दूरी पर स्थित है। लियरजेट 60 विमान आसमान से गिरते हुए रिहायशी मकानों से चंद फीट की दूरी से गुजरा और एक व्यस्त मुख्य सड़क के किनारे जा टकराया, जिससे जमीन और फुटपाथ पर गहरा जलता हुआ गड्ढा बन गया।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) से मिली जानकारी के मुताबिक, टेल नंबर N722BD वाले इस निजी जेट ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के लिए उड़ान भरी थी। रास्ते में करीब 35,000 फीट की ऊंचाई पर पूर्व दिशा में बढ़ते समय पायलटों ने अचानक तेज टर्बुलेंस, बारिश और विंग्स पर बर्फ जमने (आइसिंग) की सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी थी और 2,000 फीट और ऊपर जाने की अनुमति मांगी थी। इसके कुछ ही पलों बाद विमान का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे जमीन की तरफ आ गिरा।

अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे की पुष्टि करते हुए इसे दिल दहला देने वाली त्रासदी बताया। उन्होंने पुष्टि की कि लियरजेट में सवार सभी नौ लोगों की जान चली गई है और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) व नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की संयुक्त टीम हादसे के तकनीकी कारणों की जांच के लिए रवाना कर दी गई है। ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने भी इस दुर्घटना को बेहद दुखद बताते हुए पुष्टि की कि यह एक प्राइवेट फ्लाइट थी, हालांकि यात्रियों और क्रू की आधिकारिक पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है।

फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसेंटिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पत्रकारों को बताया कि यह टक्कर इतनी भयानक थी मानो कोई मिसाइल सीधे जमीन से टकराई हो। गनीमत यह रही कि जमीन पर किसी स्थानीय नागरिक के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। कारों में जा रहे राहगीरों द्वारा बनाए गए वीडियो में साफ दिखा कि विमान गुजरते वाहनों से महज कुछ इंच की दूरी पर टकराया और चारों तरफ काला धुआं फैल गया। घटना मिलिट्री ट्रेल और 10th एवेन्यू नॉर्थ के पास हुई, जिसके बाद पाम बीच काउंटी शेरिफ दफ्तर ने दोनों तरफ के रास्ते बंद कर दिए। हादसे के चलते आसपास के इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति भी ठप रही। फिलहाल तकनीकी टीम मलबे को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।