बच्चे की मौत का खूनी बदला! तेंदुए ने मारा पिल्ला, तो फीमेल डॉग ने तेंदुए के शावक को उतारा मौत के घाट
महाराष्ट्र के बीड जिले की आष्टी तालुका से हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां फीमेल डॉग के हमले में तेंदुए के एक शावक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने पहले एक पिल्ले को मार डाला था और इसके कुछ घंटे बाद पिल्ले की मां ने तेंदुए के बच्चे पर हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल शावक ने दम तोड़ दिया। इलाके में पिछले कई दिनों से तेंदुए की आवाजाही से लोग परेशान हैं और घटना के बाद वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया है।
जानकारी के मुताबिक कुछ घंटों के अंतराल पर हुई इन दो घटनाओं की वन विभाग के अधिकारी ने पुष्टि की है, जबकि ग्रामीण इसे बदले की कार्रवाई मान रहे हैं। सोमवार सुबह आष्टी तहसील के दौलवाड़गांव में आबादी के नजदीक खेल रहे एक पिल्ले पर तेंदुए ने हमला कर उसे मार दिया था। ग्रामीणों के हवाले से अधिकारी ने बताया कि उसी दिन दोपहर करीब साढ़े तीन बजे फीमेल डॉग ने लगभग एक साल के तेंदुए के बच्चे पर हमला कर उसे मार डाला। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में तेंदुआ लगातार नजर आ रहा था।
इससे पहले एक कुत्ते द्वारा इलाके की कुछ मुर्गियों को मारे जाने की बात भी सामने आई है, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा भर लिया है। रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर अमोल मुंडे ने बताया कि जांच के दौरान तेंदुए के बच्चे के शव से थोड़ी ही दूरी पर पिल्ले का शव भी बरामद किया गया है।