घास उगाओ और 22,000 प्रति हेक्टेयर पाओ! योगी सरकार ने किसानों के लिए खोला खजाना, जानिए कैसे मिलेगा लाभ
उत्तर प्रदेश के किसानों और पशुपालकों के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए हरे चारे के उत्पादन और गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम तेज कर दी है। चारा नीति 2025-26 के अंतर्गत नैपियर घास की खेती करने वाले किसानों और ग्राम पंचायतों को प्रति हेक्टेयर 20 हजार से 22 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।
अनुदान के साथ ही किसानों को उन्नत किस्म की घास की जड़ें और रूट स्लिप पूरी तरह निशुल्क मुहैया कराई जा रही हैं। इस सरकारी योजना का लाभ उठाने के लिए किसान के पास कम से कम 0.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि होना अनिवार्य रखा गया है। गोशालाओं में हरे चारे की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए सरकार ने करीब 7 हजार किसानों के साथ 14 हजार हेक्टेयर जमीन पर चारा उगाने का अनुबंध किया है, जिससे ग्रामीण स्तर पर किसानों की नियमित अतिरिक्त आय का जरिया बन रहा है।
बीते दो सालों में इस तरह के चारा विकास कार्यक्रमों से लगभग एक लाख किसान और पशुपालक जुड़ चुके हैं। आगामी वर्ष 2026-27 के दौरान 78 लाख रूट स्लिप बांटने और खेती का दायरा 260 हेक्टेयर से बढ़ाकर 720 हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके अलावा 150 मास्टर ट्रेनर ब्लॉक स्तर पर पशुपालकों को वैज्ञानिक तरीके से चारा उगाने और उसके सुरक्षित भंडारण की ट्रेनिंग देंगे। मौजूदा समय में प्रदेश के 7,700 से ज्यादा गोआश्रय केंद्रों में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश मौजूद हैं। इस पहल से गोशालाओं को सालभर सस्ता और पौष्टिक हरा चारा मिल सकेगा, जिससे चारे की खरीद पर होने वाला सरकारी खर्च घटेगा और मवेशियों के पोषण में सुधार के साथ-साथ किसानों को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचेगा।