होर्मुज स्ट्रेट में ऑयल टैंकर पर बड़ा हमला, आग लगने से जहाज बेकाबू; 24 घंटे में चौथा निशाना

होर्मुज स्ट्रेट में ऑयल टैंकर पर बड़ा हमला, आग लगने से जहाज बेकाबू; 24 घंटे में चौथा निशाना

पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव के बीच रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। समुद्री निगरानी एजेंसियों के अनुसार, ओमान के समुद्री तट से महज तीन नॉटिकल मील की दूरी पर पनामा के ध्वज वाले तेल टैंकर 'ऑन फीनिक्स' (ON PHOENIX) पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से सीधा हमला हुआ। इस हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में भीषण आग भड़क उठी और टैंकर पूरी तरह निष्क्रिय हो गया। पिछले 24 घंटों के भीतर इस प्रमुख समुद्री मार्ग पर व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाए जाने का यह चौथा बड़ा मामला है, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति मार्ग पर गंभीर संकट गहरा गया है।

यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) और समुद्री सुरक्षा मॉनिटर वैनगार्ड ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमले के बावजूद चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित निकाल लिए गए हैं। वहीं ईरानी नौसेना ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए दावा किया है कि टैंकर अपने ऑटोमैटिक नेविगेशन सिस्टम (AIS) को बंद करके प्रतिबंधित जलक्षेत्र में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर रहा था। सरकारी प्रसारक IRIB के माध्यम से जारी बयान में ईरानी सेना ने स्पष्ट किया कि उनकी अनुमति के बिना प्रतिबंधित समुद्री रास्तों से गुजरने वाले जहाजों को बारूदी सुरंगों और मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ेगा।

इससे पहले इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने जानकारी दी थी कि गैर-कानूनी मार्गों का इस्तेमाल करने के फेर में कई जहाज नेवल माइंस की चपेट में आ चुके हैं। ईरानी पक्ष का दावा है कि शक्तिशाली विस्फोटों के चलते जलडमरूमध्य के ऊपर आग की लपटें देखी गईं और रविवार से अब तक कई टैंकरों को भारी नुकसान पहुंचा है। वैश्विक तेल व्यापार की लाइफलाइन माने जाने वाले होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर बढ़ते इन हमलों ने अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनियों और खाड़ी देशों की चिंताएं कई गुना बढ़ा दी हैं।