नदी में ग्लेशियर फटने से भीषण बाढ़: 22 की मौत, 384 पर्यटक लापता

नदी में ग्लेशियर फटने से भीषण बाढ़: 22 की मौत, 384 पर्यटक लापता

नेपाल में तिब्बत सीमा से लगे रसुवा जिले की भोटेकोशी नदी में बुधवार सुबह आए भीषण जलजले ने भारी तबाही मचाई है। अचानक आई भयानक बाढ़ (Flash Flood) की चपेट में आने से अब तक 22 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है, जबकि 105 भारतीय नागरिकों समेत 384 से अधिक देशी-विदेशी पर्यटक लापता बताए जा रहे हैं।

तिब्बत की तरफ किसी हिमनद झील (ग्लेशियल लेक) के फटने या जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि की वजह से यह आपदा आई है। नेपाल सेना, स्थानीय पुलिस और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

सुबह 8:30 बजे आई प्रलयंकारी बाढ़, 4 जिलों में 22 मौतें और 65 घायल

बागमती प्रदेश पुलिस कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक विकराल रूप ले बैठा। इस आपदा का असर चार प्रमुख जिलों रसुवा, नुवाकोट, धादिङ और चितवन में देखा गया है। मृतकों में नुवाकोट से 11 लोग (5 महिलाएं, 6 पुरुष), धादिङ से 9 लोग (5 महिलाएं, 2 पुरुष व अन्य), रसुवा से 1 पुरुष और चितवन से 1 महिला शामिल हैं। राहत दलों ने अब तक 65 गंभीर रूप से घायल लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है, जिनमें रसुवा से 43, नुवाकोट से 19 और धादिङ से 3 लोग शामिल हैं।

सड़कें, पुल और हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स बहे; भारी विनाश

ग्लेशियर फटने से आए पानी के तेज बहाव ने नदी किनारे बसे कई गांवों, मुख्य सड़कों और पुलों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कई जलविद्युत परियोजनाएं (हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स) भी बाढ़ के मलबे की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। संपर्क मार्ग टूटने के कारण राहत और बचाव दलों को दूरदराज के हिस्सों तक पहुंचने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

105 भारतीयों समेत 384 पर्यटक लापता, ट्रेकिंग एजेंसियों का टूटा संपर्क

नेपाल पर्यटन बोर्ड (NTB) की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, आधिकारिक तौर पर 384 पर्यटकों के लापता होने की पहचान की गई है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। लापता विदेशी सैलानियों में सबसे बड़ी संख्या भारत (105 पर्यटक) की है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स, मलेशिया और दक्षिण अफ्रीका के पर्यटक भी लापता हैं। विभिन्न ट्रेवल एजेंसियों के माध्यम से गए ट्रेकर्स से संपर्क कट गया है, जिसमें ट्रेकर्स सोसाइटी के 92, सम्राट टूर एंड ट्रैवल्स के 71, लीफ हॉलिडे के 55 और हिमालयन ग्लेशियर के 52 पर्यटक शामिल हैं।

Tags:

Latest Posts