फारस की खाड़ी में F-16 पर हमले के ईरानी दावे को अमेरिका ने नकारा, CENTCOM बोला- 'झूठा है बयान'

फारस की खाड़ी में F-16 पर हमले के ईरानी दावे को अमेरिका ने नकारा, CENTCOM बोला- 'झूठा है बयान'

फारस की खाड़ी के ऊपर अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान पर हमले और उसकी आपातकालीन लैंडिंग को लेकर ईरान व अमेरिका के बीच दावों और प्रतिदावों का दौर तेज हो गया है। ईरान ने शनिवार को दावा किया था कि उसके वायु रक्षा तंत्र ने अमेरिकी F-16 जेट को निशाना बनाया, जबकि अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें झूठा करार दिया है।

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि ईरान की ओर से अमेरिकी F-16 फाइटर जेट पर कोई हमला नहीं हुआ है। CENTCOM के मुताबिक, क्षेत्र में तैनात सभी अमेरिकी सैन्य लड़ाकू विमान पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति का पूरा हिसाब है।

इससे पहले ईरान के सरकारी मीडिया प्रेस टीवी ने दावा किया था कि ईरानी सेना के एयर डिफेंस सिस्टम ने शुक्रवार शाम फारस की खाड़ी के ऊपर एक अमेरिकी F-16 को ट्रैक करने के बाद उस पर मिसाइल दागी। ईरानी रिपोर्टों में कहा गया कि मिसाइल विमान के करीब फटी, जिससे उसे क्षति पहुंची और पायलट को अपना मिशन बीच में ही रोकना पड़ा।

ईरानी मीडिया ने फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के हवाले से यह भी दावा किया कि विमान को नजदीकी सुरक्षित ठिकाने की ओर मोड़ा गया, जहां यूएई के पास इमरजेंसी कोड 7700 प्रसारित करने के बाद उसने तेजी से नीचे आकर अबू धाबी स्थित अल धाफरा एयर बेस पर लैंड किया। हालांकि, वाशिंगटन और CENTCOM ने इस पूरी कहानी को बेबुनियाद बताया है।