पत्नी पर संदेह के चलते पति ने 4 साल की मासूम बेटी की गला घोंटकर कर दी हत्या

img

नई दिल्ली।। पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण पति ने अपनी 4 साल की मासूम बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी। मामला दिल्ली के निहाल विहार इलाके का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मलकीत सिंह परिवार सहित तिलक नगर इलाके में रहता था। पांच वर्ष पहले परिवार वालों की मर्जी से उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी, निहाल विहार इलाके के उदय विहार में किराये के मकान में रहने के लिए आ गये थे। इनकी 4 साल की एक बेटी थी। मलकीत ऑनलाइन फूड डिलीवरी करने वाली कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय के तौर पर काम कर रहा था।

मलकीत को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। उसे लगता था कि जब वह ड्यूटी के सिलसिले में बाहर रहता है, उस दौरान उसकी पत्नी से कोई मिलने आता है। इसी शक की वजह से वह अपनी पत्नी से झगड़ा करने लगा। आये दिन मलकीत शराब पीकर आता और पत्नी से हर रोज झगड़े करने लगा। इसी तरह बुधवार की रात को जब वह घर आया तो पत्नी से उसका दोबारा झगड़ा हुआ। देर रात सभी सोने के लिये चले गये। इस बीच मलकीत ने बेटी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।

करीब साढ़े 12 बजे हत्या करने के बाद वह अपनी बेटी के साथ वहीं पर सोया रहा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फांसी का फंदा लगाकर खुद भी मरना चाहता था। इसके लिए वह सुबह 6 बजे की तैयारी कर रहा था। तभी उसकी पत्नी जग गईं, तब मलकीत ने बेटी की तबियत खराब होने का बहाना बनाया।इस पर पत्नी ने उसे हॉस्पिटल लेकर चलने को कहा। मलकीत जब बच्ची लेकर जा रहा था, पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति को संदेह हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी और बच्ची को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मलकीत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि पत्नी से झगड़े के चलते उसने बेटी की हत्या की।

Related News