लोकसभा चुनाव कवरेज के लिये आई अमेरिकी महिला पत्रकार से छेड़छाड़, कहा ‘चलती है क्या नौ से बारह’

img

नई दिल्ली।। दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद जिले में एक विदेशी महिला पत्रकार से छेड़छाड़ और बदतमीजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छेड़छाड़ से आहत होकर अमेरिकी महिला पत्रकार ने वापस स्वदेश लौट जाने की बात कही है। बता दें कि पीड़ित महिला स्वतंत्र पत्रकार (Freelance Journalist) है जो गाजियाबाद की एक सोसायटी में अपनी पत्रकार बहन के साथ रह रही है। मामले का संज्ञान लेते हुए महिला आयोग ने बीते 29 मार्च एसएसपी गाजियाबाद को पत्र लिख कर इस मामले में विदेशी महिला पत्रकार को सुरक्षा देने की बात कही है। साथ ही कार्रवाई की विस्‍तृत रिपोर्ट भी मांगी है।

खबर के मुताबिक, हाल ही में भारत आई इस महिला पत्रकार के साथ हुई छेड़छाड़ की यह घटना बीते शुक्रवार (30 मार्च) की है। उस वक्त युवती किसी काम से गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में थी। जानकारी के अनुसार ‘शिप्रा सनसिटी’ के पास आरोपित युवक निशांत कौशिक ने अपनी कार से न केवल महिला पत्रकार का पीछा किया, बल्कि उसके साथ छेड़छाड़ भी की। बताया जा रहा है कि इसी छेड़छाड़ के दौरान निशांत ने बॉलीवुड फिल्म ‘जुड़वां’ का गाना ‘चलती है क्या नौ से बारह’ भी गाया। बताया जा रहा है कि आरोपित ने महिला का कई बार हाथ पकड़ा और गलत नीयत से छुआ भी।

जानकारी मुताबिक छेड़छाड़ की शिकार अमेरिकी महिला पत्रकार और आरोपित युवक निशांत कौशिक दोनों ही गाजियाबाद की एक सोसायटी में रहते हैं। शिकायत के बाद अब महिला पत्रकार ने इस दर्दनाक हादसे के चलते वापस अमेरिका जाने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि महिला पत्रकार अपनी बहन के साथ कुछ महीने पहले ही आई थी और इंदिरापुरम की सोसायटी में एक फ्लैट किराये पर लेकर रह रही थी। महिला पत्रकार लोकसभा चुनाव कवरेज के लिए आयी थी। इस मामले में उसकी पत्रकार बहन भी मदद कर रही थी।

पीड़िता बताया कि बाजार में शॉपिंग के दौरान आरोपित ने तकरीबन 50 मिनट तक उसका पीछा किया और इस दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी की। आरोपित युवक ने छेड़छाड़ के दौरान रिक्शे में जा रही महिला पत्रकार को रोका और फिर गलत नीयत से छुआ भी।

पुलिस का आरोेपित युवक निशांत के बारे में कहना है कि वह नोएडा की किसी फर्म में जॉब करता है। घटना बीते 30 मार्च की रात 10 बजे की है। आरोपित युवक निशांत अपनी कार से महिलाओं का पीछा कर रहा था। इस दौरान उसने महिला पत्रकार पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। पुलिस ने बताया कि महिला पत्रकार की शिकायत पर आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया गया है।

भारतीय मूल की पीड़ित महिला पत्रकार अमेरिकी नागरिक है। पीड़िता के मुताबिक, छेड़खानी की इस घटना ने उसे इतना डरा दिया है कि वह अब अमेरिका वापस जाने पर विचार करने लगी है।

थाना इंदिरापुरम के एसएचओ संदीप सिंह के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धाराओं 354-डी और 509 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया है और उसकी कार जब्त कर ली गई है।

Related News