नई दिल्ली ।। बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन इन दिनों रेमो डीसूजा के साथ अपने आगामी प्रोजेक्ट को लेकर बहुत बिजी हैं। वरुण जल्द ही रेमो की डांस फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म के लिए उन्होंने शूटिंग भी शुरू कर दी है।
अभी हाल ही में वरुण इस फिल्म के लिए पंजाब में शूट कर रहे थे जहां से एक बुरी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि वरुण धवन के घुटने में चोट लग गई है और इसके चलते उन्हें बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, वरुण धवन अमृतसर, पंजाब में सोनम बजवा के साथ एक जश्न से भरे सॉन्ग को शूट कर रहे थे। अंतिम दिन की शूटिंग सुबह 7 बजे से लेकर रात 2 बजे तक होनी थी जहां वरुण को 3 अलग डांस क्रू के साथ 3 डांस पीसेस शूट करने थे। इनमें वी बीटएबल, अर्बन क्रू और एन हाउस क्रू मौजूद है।
वरुण ने एक स्टेप को तकरीबन 15 बार परफॉर्म किया जिसके चलते उनके घुटने में मोच आ गई और साथ ही पांव में भी उन्हें तकलीफ महसूस होने लगी। इसके चलते वो वापस मुंबई लौटे जहां वो फिजियोथेरेपी की मदद से अपना इलाज करा रहे हैं।