पहली नज़र में दिल दे बैठे थे निक जोनस, यहां पढ़ें प्रियंका-निक की रोमांटिक Love Story

img

मुंबई। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शादी का समारोह जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में शुरू हो चुका है। प्रियंका और निक की फ़ैमिली के सभी क़रीबी सदस्य पहुंच चुके हैं और अब इंतज़ार है कुछ ख़ास मेहमानों का, जिनमें शामिल हैं हॉलीवुड के एक्शन स्टार ड्वेन जॉनसन क्योंकि ड्वेन, प्रियंका और निक के रिश्ते की The Rock Solid कड़ी हैं।

दरअसल, प्रियंका और निक को मिलाने में ड्वेन की अहम भूमिका मानी जाती है। प्रियंका से ड्वेन के संबंधों की शुरुआत डेब्यू हॉलीवुड फ़िल्म ‘बेवॉच’ से हुई थी, जिसमें ड्वेन मुख्य भूमिका में थे, जबकि प्रियंका ने मुख्य विलेन विक्टोरिया लीड्स का किरदार निभाया था। 2017 में आयी इस फ़िल्म की शूटिंग के दौरान प्रियंका और ड्वेन की काफ़ी अच्छी बांडिंग हो गयी थी। वहीं, 2017 में ही आयी एक्शन-एडवेंचर फ़िल्म ‘जुमानजी- वेल्कम टू द जंगल’ में ड्वेन लीड स्टार कास्ट का हिस्सा थे, जबकि निक जोनस ने फ़िल्म में एक महत्वपूर्ण किरदार निभाया था, जो फ़िल्म की कहानी के लिए काफ़ी अहम होता है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि प्रियंका और निक को मिलाने में ड्वेन जॉनसन का इम्पोर्टेंट रोल था। एक बातचीत में ड्वेन ने ख़ुद भी स्वीकार किया था कि उन्होंने इस रिश्ते में क्यूपिड की भूमिका निभायी है, क्योंकि उन्होंने दोनों के साथ काम किया है।

प्रियंका और निक के रिश्ते की शुरुआत 2017 के मेट गाला इवेंट से नहीं हुई थी, जैसा कि आम तौर पर लिखा और माना जाता है। एक इंटरव्यू में निक ने यह स्वीकार किया था कि प्रियंका के साथ उनका पहली नज़र का प्यार है। ‘द वैनिटी फेयर ऑस्कर्स पार्टी’ में निक ने पहली बार प्रियंका को देखा और फ़िदा हो गये थे। यह इवेंट 2017 की चर्चित मेट गाला से कुछ महीने पहले हुई थी। पार्टी में प्रियंका ने वेल्वेट ड्रेस पहनी थी। प्रियंका को देखकर निक ने सोच लिया कि वही उनके ख़्वाबों की मल्लिका हैं।


हालांकि दोनों की बातचीत 2016 से हो रही थी, लेकिन कभी मिले नहीं थे। निक, प्रियंका को ट्विटर पर डायरेक्ट मैसेज भेजा करते थे। एक दिन प्रियंका ने कहा कि उन्हें भेजे गये DM (डायरेक्ट मैसेज) उनकी टीम भी पढ़ सकती है और फिर निक को अपना नंबर दिया, जिसके बाद फोन पर संदेशों के आदान-प्रदान का सिलसिला शुरू हुआ।

मई 2017 में मेट गाला इवेंट में दोनों साथ पहुंचे। यह उनकी साथ में पहली पब्लिक एपीयरेंस थी। इसके बाद दोनों ने उसी शाम रिहाना की पार्टी भी अटेंड की थी। यहीं से प्रियंका और निक के बीच रिलेशनशिप की ख़बरों का जन्म हुआ था। मेट गाला इवेंट वाले हफ़्ते में जिम्मी किमेल लाइव शो में जब प्रियंका से निक के साथ उनके रिश्ते पर पूछा गया तो उन्होंने ना इंकार किया ना इकरार, बल्कि कहा कि दोनों ने राल्फ़ लॉरेन के आउटफिट पहने थे। डिज़ाइनर टेबल पर दोनों साथ बैठे थे। इसीलिए मेट गाला में भी साथ जाने का फ़ैसला किया था।


अक्टूबर 2017 में निक के बड़े भाई जो जोनस ने अमेरिकन एक्ट्रेस सोफी टर्नर से सगाई की थी। सोफी ने इसका एलान इंस्टाग्राम पर किया था, तब प्रियंका ने इस पर ख़ुशी ज़ाहिर की थी, जिसके बाद निक के साथ उनकी रिलेशनशिप की ख़बरों को मज़बूत आधार मिला।

2018 के मई में निक के साथ उनकी कुछ कोज़ी तस्वीरें आयीं, जिसके बाद रिलेशनशिप की अफ़वाहों को सच माना जाने लगा। इसी दौरान निक ने प्रियंका की कुछ तस्वीरों पर रोमांटिक कमेंट्स भी किये थे, जिसके बाद लगभग पक्का हो गया कि प्रियंका और निक कपल हैं। बस आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार था। अगस्त में प्रियंका ने मुंबई में निक के साथ सगाई और रोका करके इस रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया।

Related News