img

यूपी  किरण ब्यूरो

लखनऊ ।। यूपी में अनुप्रिया पटेल, स्वामी प्रसाद मौर्य समेत कई पिछड़ी जाति के नेताओं को अपने पाले में कर पिछड़ा वोटबैंक खींचने वाली भाजपा अब दलित वोटबैंक पर नई रणनीति के साथ जुटने जा रही है। इसकी जिम्मेदारी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले को सौंपी गई है। वह 8 अप्रैल को लखनऊ आ रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा ने दलित वोटबैंक को मजबूत करने के लिए अपने सहयोगी धड़े को आगे बढ़ाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।

आठवले पार्टी के राज्य कार्यकारिणी की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। वह उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पार्टी मंडल अध्यक्षों/जिला अध्यक्षों एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श भी करेगें।

पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सत्यनरायण ने आज यहां बताया कि पार्टी सुप्रीमो श्री आठवले रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) को उत्तर प्रदेश में अधिक मजबूत बनाने के लिए निरन्तर प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में आगामी 8 अप्रैल को लखनऊ आगमन पर आठवले का एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया जायेगा। इसके पश्चात अर्जुनगंज (सुल्तानपुर रोड) में पार्टी के पूर्वी जोन के अध्यक्ष जगजीवन प्रसाद के नेतृत्व में स्वागत एवं अभिनन्दन समारोह आयोजित किया जायेगा।

सत्यनरायण ने यह भी बताया कि इसके पश्चात पार्टी के जिलाध्यक्ष/मंडल अध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्षों के साथ आयोजित होने वाली बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेगें। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी बताया कि आठवले 8 अप्रैल को ही वीवीआईपी गेस्ट हाउस में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर केन्द्र एवं राज्य सरकार से सम्बन्धित समस्याओं के निस्तारण के लिए आम जनमानस से वार्ता कर उनकी समस्या भी सुनेगें। आगमन के दौरान आठवले विभिन्न कर्मचारी संगठनों व बार एसोसियेशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं पर चर्चा-परिचर्चा करेंगे।

फोटोः फाइल।

--Advertisement--