img

यूपी किरण ब्यूरो

लखनऊ ।। समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा मंत्रिमंडल की पहली बैठक घोर निराशाजनक साबित हुई है। विधानसभा चुनावों के समय प्रधानमंत्री ने बड़े-बड़े वादे किए थे। उन्होंने सार्वजनिक सभाओं में किसानों की कर्ज माफी का वादा किया था। जनता से यह बात छुपा ली थी कि भाजपा के चुनाव घोषणापत्र में सभी लघु एवं सीमांत किसानों का केवल फसली ऋण माफ किए जाने की बात दर्ज थी। कृषि विकास का बने आधार शीर्षक से किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों, के कल्याण के लम्बे चौड़े वादे भी किए गए थे, लेकिन राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में केवल एक लाख रुपये तक का ही कर्ज माफी की गई है। भाजपा तो सिर्फ झूठ की खेती करने में माहिर है इनका किसानों से कोई लेना देना नहीं है।

राजेंद्र ने आगे बताया कि किसानों के साथ भाजपा का यह धोखा उनकी फितरत है। लोकसभा चुनावों में भी उन्होंने तमाम वादे किए थे, जिनमें तीन साल के अंदर एक भी पूरा नहीं किया गया है। जनधन खातों में न तो 15-15 लाख रुपये आए और नहीं नौजवानों को रोजगार मिला। कश्मीर में स्थिति बिगड़ती गई है और पड़ोसी देशों से भी रिश्तों में बिगाड़ आया है। फिर विधानसभा चुनावों में प्रधानमंत्री ने मतदाताओं को बहकाने का क्रम जारी रखा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ठीक ही कहा है कि भाजपा की सरकार ने किसानों के साथ छल किया है।

सपा ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश में किसानों के प्रति भाजपा केवल जुबानी जमा खर्च ही करती आई है, जबकि समाजवादी पार्टी ईमानदारी से किसानों के हितों के लिए समर्पित हैं जब अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनी थी बजट का 75 प्रतिशत गांव-किसान पर खर्च किया गया। किसानों का 50 हजार तक कर्ज माफी के साथ उनको मुफ्त सिंचाई की सुविधा दी गई। किसानों को दुर्घटना बीमा का लाभ मिला। समाजवादी पार्टी ने मंडियों के आधुनिकीकरण, किसानों को सस्ते दर पर ऋण देने, साढ़े सात लाख रुपए तक किसान बीमा योजना का लाभ देने का संकल्प किया था।

भाजपा का किसान प्रेम सिर्फ दिखावा हैं वह वस्तुतः पूंजीपतियों की पक्षधर पार्टी है। देश के किसान कर्ज से तबाह है, आत्म हत्याएं कर रहे हैं, उनकी मदद करने के लिए केंद्र के पास पैसा नहीं है, जबकि 17 लाख 15 हजार करोड़ की टैक्स में माफी उद्योग सेक्टर को सिर्फ बीते तीन वित्तीय वर्ष में दे दी गई।

फोटोः फाइल।

--Advertisement--