
बांग्लादेश के किशोरगंज जिले में स्थित ऐतिहासिक पगला मस्जिद को एक ही दिन में रिकॉर्ड तोड़ दान प्राप्त हुआ है। शनिवार को पूरे दिन मस्जिद के दानपात्र में आई धनराशि की गिनती होती रही। जब गिनती पूरी हुई तो कुल 9.18 करोड़ रुपये एकत्र हो चुके थे। ये राशि मस्जिद को उसके इतिहास में एक दिन में प्राप्त सबसे बड़ी दान राशि है। जिस प्रकार भारत में तमिलनाडु के मंदिरों में दान प्राप्त होता है, उसी प्रकार पगला मस्जिद को भी लोगों की भारी रुचि के कारण इतनी बड़ी मात्रा में दान प्राप्त हुआ है।
इससे पहले बांग्लादेश में सबसे अधिक दान इसी मस्जिद में लगभग 8.21 करोड़ रुपये एकत्र हुआ था। ये गणना 30 नवंबर 2024 को की गई थी। एक रिपोर्ट के अनुसार, गिनती के बाद सारा पैसा रूपाली बैंक की किशोरगंज शाखा में जमा कर दिया गया। दान पेटी में मौजूद विदेशी मुद्रा, सोना और अन्य आभूषण जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षित रख लिए गए।
10 घंटे तक की गिनती
किशोरगंज की उपायुक्त और पगला मस्जिद प्रबंधन समिति की अध्यक्ष फौजिया खान ने बताया कि मस्जिद में दान पेटी में आई रकम की गिनती सुबह सात बजे से चल रही थी। यह कार्य शाम करीब पांच बजे पूरा हुआ। 10 घंटे तक चली इस गणना प्रक्रिया में 401 लोगों ने हिस्सा लिया। जब दान पेटी खोली गई तो उसमें रखे पैसे 28 थैलियों में भरे हुए थे। इसमें बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा और सोने के आभूषण भी शामिल थे।
जानें क्या किया जाता है इस दान का
पगला मस्जिद के सदस्यों का कहना है कि नदी के तट पर स्थित इस मस्जिद को सबसे ज्यादा दान मिलता है। दान पेटी हर तीन से चार महीने में खोली जाती है। इस धन का उपयोग पगला मस्जिद और इस्लामिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण में किया जाता है। शेष धनराशि बैंक में जमा कर दी जाती है। इस कोष से जिले की अन्य मस्जिदों, मदरसों, अनाथालयों और अन्य वंचित लोगों के साथ-साथ गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों की मदद की जाती है।
--Advertisement--