
लोकसभा इलेक्शन में समाजवादी पार्टी ने यूपी में शानदार प्रदर्शन किया है। प्रदेश में सपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। सपा के प्रदर्शन के बाद पूर्व सीएम अखिलेश यादव का उत्साह और भी बढ़ गया है। अब उन्होंने 2027 को लेकर इतना बड़ा दावा किया है, जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी के बीच तनाव बढ़ सकता है।
सपा अध्यक्ष ने दावा किया है कि 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश की जनता का विश्वास खो चुकी है। इतना ही नहीं उन्होंने लोकसभा इलेक्शन का जिक्र करते हुए कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के सभी वर्ग के लोग मिलकर समाजवादी पार्टी और इंडिया को जिताने के लिए काम कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने भारतीय जनता पार्टी की समाज को बांटने की राजनीति को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। सपा अध्यक्ष ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार बनी एनडीए सरकार पर भी निशाना साधा।
इस बारे में अखिलेश ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया, "बीजेपी सरकार ने जनता का भरोसा खो दिया है। उनका झूठ और लूट जनता के सामने उजागर हो गई है। 2024 लोकसभा इलेक्शन का नतीजा संविधान और लोकतंत्र की जीत है।"