img

Up kiran,Digital Desk : पश्चिम एशिया के रणक्षेत्र से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्र के नाम होने वाले अहम संबोधन से ठीक पहले विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने जीत का बड़ा दावा ठोक दिया है। रुबियो ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका ईरान के साथ जारी इस भीषण युद्ध में अपने अंतिम लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच चुका है और 'फिनिश लाइन' अब साफ नजर आने लगी है।

'सही समय पर हासिल हो रहे लक्ष्य, उत्तर कोरिया नहीं बनने देंगे ईरान'

फॉक्स न्यूज के मशहूर कार्यक्रम 'हनिटी' में बात करते हुए मार्को रुबियो ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि अमेरिका अपनी सैन्य रणनीति और 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय से पहले या बिल्कुल सटीक समय पर हासिल कर रहा है। उन्होंने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि तेहरान खुद को उत्तर कोरिया की तर्ज पर ढालने की कोशिश कर रहा है, लेकिन वाशिंगटन ऐसा कभी होने नहीं देगा। रुबियो के अनुसार, हालांकि युद्ध आज या कल खत्म नहीं हो रहा, लेकिन इसकी समाप्ति की प्रक्रिया अब शुरू हो चुकी है।

ट्रंप का धमाका: 'दो से तीन हफ्तों में बाहर निकल जाएगी अमेरिकी सेना'

इससे पहले व्हाइट हाउस में मीडिया से मुखातिब होते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी युद्ध समाप्ति के स्पष्ट संकेत दिए थे। ट्रंप ने एक सवाल के जवाब में कहा, "हमें ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। हम बहुत जल्द, शायद दो या तीन हफ्तों के भीतर वहां से निकल जाएंगे।" ट्रंप के इस बयान ने वैश्विक कूटनीति में हलचल मचा दी है। माना जा रहा है कि बुधवार रात 9 बजे (अमेरिकी समयानुसार) होने वाले अपने संबोधन में ट्रंप युद्ध खत्म करने या किसी बड़े सैन्य बदलाव का आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं।

पर्दे के पीछे संदेशों का खेल और जमीनी स्तर पर भीषण हमले

मार्को रुबियो ने यह भी स्वीकार किया कि युद्ध के बावजूद अमेरिका और ईरान के बीच गुप्त संदेशों का आदान-प्रदान जारी है। जल्द ही दोनों पक्षों के बीच सीधी मुलाकात की भी संभावना है। हालांकि, जमीन पर स्थिति अभी भी तनावपूर्ण है। बुधवार सुबह कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले और बहरीन में एक कंपनी परिसर में आगजनी की खबरें आईं। वहीं, इजरायली सेना ने आईआरजीसी कुद्स फोर्स के इंजीनियरिंग प्रमुख महदी वफाई को मार गिराने का दावा कर ईरान को एक और बड़ा जख्म दिया है।