
Myanmar Earthquake: दो दिन पहले म्यांमार में आए शक्तिशाली भूकंप में कई लोगों की जान चली गई। इससे सार्वजनिक जीवन भी बाधित हुआ है। शुक्रवार (28 मार्च) को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप से मुस्लिम नमाजियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस भूकंप में कई मस्जिदें ढह गईं, जिससे 700 से ज्यादा नमाजियों की मौके पर ही मौत हो गई। म्यांमार के मांडले में आए भूकंप में हजारों लोग मारे गए। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक कुल 1700 से अधिक लोग मारे गए हैं। इसके अलावा, इस भूकंप के कारण 60 मस्जिदें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। ज्ञात है कि ढही हुई सभी मस्जिदें पुरानी थीं। तो वहीं ईद के मौके पर म्यांमार के मुस्लिमों में शोक की लहर दौड़ रही है।
रिपोर्ट की माने तो भूकंप शुक्रवार को अचानक आया। तो वहीं मस्जिदें नमाजियों से भरी हुई थीं। इसके कारण कई मस्जिदें ढह गईं और सैकड़ों लोग मलबे में दब गए। कई ऑनलाइन समाचार पोर्टलों द्वारा साझा किए गए वीडियो में मस्जिदें ढहती और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। इनमें से कई मस्जिदें ऐतिहासिक संरचनाएं थीं जो भूकंप के तीव्र झटकों को झेल नहीं सकीं।
अभी और बढ़ सकती हैं मृतकों की संख्या
सरकारी रिपोर्टों के मुताबिक, मरने वालों की संख्या 1,700 से अधिक हो गई है, मगर अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि मस्जिदों में मारे गए 700 से अधिक लोग इस आंकड़े में शामिल हैं या नहीं। इस भयानक आपदा के बाद बचाव दल और सहायता संगठन तेजी से राहत कार्य में जुट गए हैं। हालाँकि, म्यांमार में चल रही राजनीतिक अस्थिरता राहत प्रयासों में कई बाधाएँ पैदा कर रही है।
--Advertisement--