
Delhi विधानसभा में आज उस वक्त जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला जब आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने सदन के अंदर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष की नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि सीएम ऑफिस से डॉ. बीआर अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें हटा दी गई हैं, जिस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
तनाव बढ़ने पर स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने दखल दिया और विधानसभा को राजनीतिक युद्धक्षेत्र में बदलने के लिए आप सदस्यों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा, "यह एक शिष्टाचार संबोधन था। आपको इसे राजनीतिक मंच नहीं बनाना चाहिए था। विपक्ष नहीं चाहता कि सदन सुचारू रूप से चले। आप सदन को बाधित करने के इरादे से आई है। सदन की गरिमा बनाए रखें।"
हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही भी 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
दिल्ली सीएम ने दिया ये जवाब
आरोपों का जवाब देते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन दावों का जोरदार खंडन किया और कहा कि ये आप के कथित भ्रष्टाचार और कुकर्मों से ध्यान हटाने की राजनीतिक चाल है। गुप्ता ने सवाल किया कि ये बाबा साहब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह के पीछे अपने भ्रष्टाचार और कुकर्मों को छिपाने की उनकी चाल है। क्या सरकार के मुखिया की फोटो नहीं लगाई जानी चाहिए? क्या देश के राष्ट्रपति की तस्वीर नहीं लगाई जानी चाहिए? क्या राष्ट्रपिता गांधी जी की तस्वीर नहीं लगाई जानी चाहिए?
उन्होंने दोहराया कि अंबेडकर और भगत सिंह देश के लिए बहुत सम्मानित व्यक्ति और मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें कार्यालय में जगह दी गई है। "यह कमरा दिल्ली के सीएम का है और सरकार के मुखिया के तौर पर हमने उन्हें जगह दी है। उन्हें जवाब देना मेरा काम नहीं है - मैं लोगों के प्रति जवाबदेह हूं।"