img

bmw accident: मुंबई के वर्ली में आज सवेरे एक महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। इस घटना में एक BMW कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। कार कथित तौर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के एक नेता के बेटे मिहिर शाह द्वारा चलाई जा रही थी। घटना के बाद से 24 वर्षीय व्यक्ति फरार है।

मिहिर शाह के पिता और पालघर जिले में शिंदे सेना के उपनेता राजेश शाह को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, बीएमडब्ल्यू उनके नाम पर रजिस्टर्ड थी।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित वर्ली के कोलीवाड़ा क्षेत्र के निवासी थे और वे मछली खरीदकर सासून डॉक से लौट रहे थे, तभी सवेरे लगभग साढ़े पांच बजे अटरिया मॉल के पास एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पीछे से हुई इस टक्कर में मछुआरे और उसकी पत्नी कावेरी नकावा को गंभीर चोटें आईं, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

मुंबई पुलिस के अफसरों ने बताया कि मिहिर शाह की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त मिहिर का ड्राइवर भी कार में उसके साथ था।