img

बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर अनुराग कश्यप एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिससे धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। सोशल मीडिया पर ये मामला तेजी से वायरल हो रहा है, और अब कई ब्राह्मण संगठनों ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

चाणक्य सेना ने उठाई आवाज

शनिवार को चाणक्य सेना ने इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बड़ा बयान जारी किया। संगठन के मुख्य संरक्षक पंडित सुरेश मिश्रा ने कहा कि अनुराग कश्यप जैसे लोगों को सख्त सबक सिखाना जरूरी है। उन्होंने ऐलान किया कि जो भी अनुराग कश्यप के चेहरे पर कालिख पोतेगा, उसे 1 लाख रुपये नकद इनाम दिया जाएगा।

चाणक्य सेना ने इस मुद्दे पर सर्व ब्राह्मण महासभा, ब्राह्मण सेवा संघ, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, विश्व ब्राह्मण परिषद और अखिल भारतीय ब्राह्मण संघ के साथ एक ऑनलाइन बैठक भी की। सभी संगठनों ने अनुराग कश्यप की कथित टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह के बयान समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करते हैं।

फिल्म 'फुले' से जुड़ा है विवाद

बता दें कि अनुराग कश्यप इन दिनों अपनी फिल्म ‘फुले’ को लेकर चर्चा में हैं, जो समाज सुधारकों ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद कुछ ब्राह्मण संगठनों ने आरोप लगाया कि इसमें ब्राह्मणों को गलत तरीके से दिखाया गया है।

इसके जवाब में अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर जो प्रतिक्रिया दी, वह अब विवाद का कारण बन गई है। ब्राह्मण संगठनों का कहना है कि उन्होंने हमेशा देशहित में काम किया है और ऐसे बयानों से समाज में तनाव पैदा होता है। अब देखना होगा कि इस पूरे विवाद में अगला मोड़ क्या आता है।