img

उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के रुड़की शहर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक गर्भवती महिला को घर में घुसकर बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना उस वक्त हुई जब पीड़िता का पति घर पर मौजूद नहीं था।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और नामजद आरोपी विनीत उर्फ बंदर निवासी लिब्बरहेड़ी की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है।

वारदात के बाद छत से भागे आरोपी

पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार देर रात आरोपी जबरन घर में घुस आया और महिला को अकेला पाकर बंधक बना लिया। इसके बाद उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की। इसमें वो गंभीर रूप से जख्मी हो गई। पीड़िता की हालत उस समय और बिगड़ गई जब उसके पति घर लौटा और उसे इस हालत में पाया। आरोपी मौके से छत के रास्ते से भाग निकला।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

प्रकरण में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म, बंधक बनाना और मारपीट जैसी संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है। टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए निरंतर दबिश दे रही है। बहुत जल्द उसे अरेस्ट कर लिया जाएगा।